डीजल के इंतजार में वर्कशॉप में खड़े रहे वाहन
फीरोजाबाद जासं। नवरात्र महोत्सव की अष्टमी को सफाई व्यवस्था चरमरा गई। सुबह नौ बजे तक डीजल के अभाव में वाहन वर्कशॉप से नहीं निकल सके जिसके कारण शहर के अधिकांश स्थानों पर गंदगी के ढेर लगे रहे। मंदिरों पर पूजा अर्चना करने गए श्रद्धालुओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
फीरोजाबाद, जासं। नवरात्र महोत्सव की अष्टमी को सफाई व्यवस्था चरमरा गई। सुबह नौ बजे तक डीजल के अभाव में वाहन वर्कशॉप से नहीं निकल सके, जिसके कारण शहर के अधिकांश स्थानों पर गंदगी के ढेर लगे रहे। मंदिरों पर पूजा अर्चना करने गए श्रद्धालुओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
कोटला चुंगी स्थित पेट्रोल पंप से नगर निगम के वर्कशॉप में डीजल की आपूर्ति होती है। प्रत्येक दिन सुबह एवं शाम एक हजार लीटर डीजल आता है। यह डीजल सफाई, पानी, निर्माण विभाग की व्यवस्थाओं पर लगे वाहनों एवं अधिकारियों की गाड़ियों पर वहन किया जाता है। शनिवार की सुबह पेट्रोल पंप स्वामी ने डीजल की आपूर्ति नहीं दी तो नौ बजे तक सभी वाहन वर्कशॉप में खड़े रहे। जानकारी मिलने पर जेई मुंशीलाल वर्मा पहुंच गए। उन्होंने पेट्रोल पंप स्वामी से बात की, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
तब उन्होंने दूसरे पेट्रोल पंप से 150 लीटर डीजल मंगाया। जिससे चंद वाहन ही निकल सके। सभी वाहन नहीं निकलने के कारण शहर के आसफाबाद, रसूलपुर, बौद्धाश्रम रोड, कोटला रोड सहित नई आबादी क्षेत्रों से दोपहर तक कूड़ा नहीं उठाया जा सका, जिसके कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। जेई मुंशीलाल वर्मा ने बताया कि शुक्रवार की रात 150 लीटर डीजल बचा था। 150 लीटर और मंगाकर वाहन निकाले गए। दोपहर बाद पर्याप्त मात्रा में डीजल की आपूर्ति हो गई थी।