टेंपो चालक ने किया आत्मदाह का प्रयास
फीरोजाबाद: रामगढ़ थाना क्षेत्र में नशे में धुत एक टेंपो चालक ने घर में रखा केरोसिन डालकर आग लगा ली।
फीरोजाबाद: रामगढ़ थाना क्षेत्र में नशे में धुत एक टेंपो चालक ने घर में रखा केरोसिन डालकर आग लगा ली। लपटें उठते देख घर में चीख पुकार मच गई। मौके पर पहुंचे मुहल्ले वालों ने आग बुझाई। लेकिन तब तक वह करीब 40 फीसद तक झुलस गया। पुलिस ने उसे ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया है।
मुहल्ला गालिबनगर निवासी कासिम (28 वर्ष) पुत्र चमन खां टेंपो चलाकर परिवार का भरण पोषण करता है। उसकी पांच साल पहले शादी हुई थी और उसके दो बच्चे भी हैं। बताया गया है कि वह नशे का आदी है। शनिवार की शाम करीब चार बजे कासिम शराब के नशे में धुत होकर घर आया और कमरे में रखा केरोसिन अपने ऊपर उड़ेलकर आग लगा ली। आग की लपटें उठने पर परिजनों में हाहाकार मच गया। तभी आसपास के लोग भी पहुंच गए और कमरा खोलकर किसी तरह आग बुझाई। लेकिन तब तक वह बुरी तरह झुलस गया। परिजनों ने घटना के कारणों का खुलासा नहीं किया। पत्नी ने बताया कि वह कभी-कभी शराब पी लेते हैं।