नारी शक्ति से दुनियां चलायमान व ऊर्जावान
जागरण टीम फतेहपुर वेदों पुराणों में भी नारी शक्ति का उल्लेख मिलता है नारी शक्ति से ह
जागरण टीम, फतेहपुर: वेदों, पुराणों में भी नारी शक्ति का उल्लेख मिलता है, नारी शक्ति से ही दुनिया चलायमान व ऊर्जावान है। परिवार में बेटा, बेटी, बहू में भेदभाव न किया जाए सभी को समानता का अधिकार दिया जाए तभी अच्छे समाज की परिकल्पना संभव है।
यह बात सदर विधायक विक्रम सिंह ने विकास भवन सभागार में आयोजित मिशन शक्ति अभियान कार्यक्रम के दौरान कही। डीएम संजीव सिंह ने कहा कि मिशन शक्ति में आज की थीम कोविड-19 से है। यह कार्यक्रम मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार चलाया जा रहा है। कायाकल्प योजना के तहत बालक, बालिकाओं के अलग-अलग शौचालय बनाये गए है और अध्यापकों की कमी दूर की गई है। सरकार द्वारा योजनाओं में महिलाओं को ही प्राथमिकता दी गई है। सीडीओ सत्य प्रकाश ने कहा कि राजनीति, शिक्षा, वैज्ञानिक हर क्षेत्र में महिलाएं अपना योगदान दे रही हैं। राष्ट्रीय युवा महोत्सव में जनपद की ओर से भाग लेने वाले युवाओं में किरन, मोहिनी साहू, अंजू, सोनी, हरदेव, कुलदीप, सौम्या, सुरेश, रजत को अंग वस्त्र व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया । एडीएम, जिला प्रोबेशन अधिकारी, युवा कल्याण अधिकारी, सीएमओ, डीपीआरओ आदि मौजूद रहे।
उधर चाइल्ड लाइन 1098, जन कल्याण महासमिति, महिला कल्याण विभाग,पुलिस विभाग, आईसीडीएस , द्वारा संयुक्त रूप से कार्यक्रम का संचालन किया गया। मुख्य अतिथि वरिष्ठ समाजसेवी बीपी पांडेय ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया गया। जिला समन्वयक चाइल्ड लाइन अजय सिंह चौहान द्वारा महिलाओं एवं बेटियों की सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। विधि एवं परिवीक्षा अधिकारी धीरेन्द्र अवस्थी ने बताया कि सहें नहीं, साहस करें और हमें अपनी समस्या बताएं। पुलिस आप के लिए तत्पर है। मुख्य सेविका अनीता द्विवेदी, सुमन , शारदा आदि रहीं। हथगाम कस्बा स्थित ठा. जय नारायण सिंह मेमोरियल पीजी कॉलेज में गुरूवार को पुलिस व कॉलेज प्रबंधन की ओर से छात्राओं को महिला सम्मान व सुरक्षा विषय पर विस्तार से जानकारी दी गई। एसएसआई रविकांत राय व कॉलेज प्राचार्य रमेश चंद्र ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मिशन शक्ति के बारे में विस्तार से समझाया। नवाबगंज कस्बा में मिशन शक्ति के तहत मां सुंदरी देवी इंका में महिला सशक्तिकरण विषयक गोष्ठी हुई। शिक्षक राहुल कुमार, सीडीपीओ आशीष पांडेय ने मास्क का वितरण कराया।