'राहुल गांधी बताएं, 1984 के दंगों-इमरजेंसी पर क्यों नहीं मांगी माफी'
संवाद सहयोगी बिदकी (फतेहपुर) भारतीय खाद्य निगम की ओर से आजादी का अमृत महोत्सव पर शहीद
संवाद सहयोगी, बिदकी (फतेहपुर) : भारतीय खाद्य निगम की ओर से 'आजादी का अमृत महोत्सव' पर शहीद स्मारक बावन इमली में आयोजित कार्यक्रम में शहीदों को नमन किया गया। शहीद जोधा सिंह अटैया के स्वजन को मंच पर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्यमंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने राहुल गांधी पर निशाना साधा। कहा, राहुल सहित किसी कांग्रेसी नेता अब तक वर्ष 1984 के सिख विरोधी दंगों व देश में इमरजेंसी लगाने पर माफी क्यों नहीं मांगी। उन्होंने कहा कि देश को गुमराह करने की साजिश हो रही है।
शहीद स्थल पर पहुंचीं केंद्रीय राज्यमंत्री व प्रदेश सरकार के कारागार राज्यमंत्री जय कुमार सिंह जैकी ने 1857 के स्वतंत्रता आंदोलन में शहीद जोधा सिंह अटैया के स्वजन बलवीर, देवी दयाल व चंद्रपाल सिंह को अंग वस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। कारागार राज्यमंत्री ने जोधा सिंह अटैया व उनके 51 क्रांतिकारी साथियों को अंतिम संस्कार के लिए गंगा तट ले जाने वाले रास्ते को विकसित करने की बात कही। इस मौके पर भारतीय खाद्य निगम के प्रयागराज मंडल प्रबंधक जय शंकर शाही, उप महाप्रबंधक केएल पाथर, डीएफएमओ नेहा सिंह के अलावा भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष मिश्रा आदि उपस्थित रहे। इस दौरान कई अन्य लोग भी मौजूद रहे।
इन्होंने शहीद स्थल पर टेका माथा
केंद्रीय राज्यमंत्री साध्वी निरंजन ज्योति व राज्यमंत्री कारागार जय कुमार सिंह जैकी, वीरेंद्र दुबे, शिव प्रताप सिंह, व्यापार मंडल अध्यक्ष मोना ओमर, वीरेंद्र दुबे, महिला व्यापार मंडल अध्यक्ष स्वाती ओमर, रन्नो गुप्ता, शशि पटेल, उर्मिला, संगीता तिवारी, खंड विकास अधिकारी कमल किशोर कमल, वन विभाग के प्रभागीय वन निदेशक आरएन सैनी आदि।