कार्रवाई के दो घंटे बाद ही फर्राटा भरने लगे ओवरलोड वाहन
संवाद सहयोगी खागा मौरंग लदे ओवरलोडेड वाहनों पर ताबड़तोड़ हो रही कार्रवाई का असर
संवाद सहयोगी, खागा : मौरंग लदे ओवरलोडेड वाहनों पर ताबड़तोड़ हो रही कार्रवाई का असर सड़कों पर नहीं दिखाई दे रहा है। कार्रवाई के दो घंटे बाद ही सड़कों पर ओवरलोडेड वाहन दौड़ने लगते हैं। पुलिस चौकी, थाना, कोतवाली व प्रशासनिक अधिकारियों की चौखट के सामने से दिन-रात ओवरलोडेड वाहन फर्राटा भरते हैं। शनिवार सुबह हुई कार्रवाई का असर भी मात्र दो घंटे ही दिखाई पड़ा।
बीते शनिवार सुबह एसडीएम प्रह्लाद सिंह, सीओ अंशुमान मिश्र, धाता व खखरेड़ू थाने की पुलिस फोर्स ने सलेमपुर मौरंग खदान से लौटते ओवरलोडेड वाहनों पर कार्रवाई करते हुए 12 ओवरलोडेड वाहन सीज किए थे। अधिकारियों ने सलेमपुर खदान में जाकर सीसीटीवी कैमरों, कांटा व राजस्व को चूना लगाने वाले रास्तों की जांच की थी। खदान संचालकों के अंदर प्रशासनिक अधिकारियों की कार्रवाई का कितना प्रभाव होता है, इसका अंदाजा लगाया जा सकता है कि सलेमपुर के बगल में ही दो खदानें और चल रही हैं। अधिकारियों की मौजूदगी के बावजूद वहां पर पोकलैंड मशीनों से खनन जारी था। कार्रवाई के दो घंटे बाद ही सलेमपुर समेत रानीपुर-2, रानीपुर-3 तथा किशुनपुर थाने के गढ़ीवा-मझिगवां खदान से ओवरलोडेड मौरंग लदे वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई। नगर के अंदर से बेखौफ फर्राटा भरते मौरंग लदे ओवरलोडेड वाहनों के बारे में लोग प्रशासनिक कार्रवाई पर सवाल खड़े कर रहे हैं। लोगों का कहना था जिला प्रशासन व शासन की नजरों में अपनी छवि सुधारने के लिए अधिकारी हल्की कार्रवाई करते हैं। खदान संचालकों को कार्रवाई के दायरे में न लेने से ओवरलोडिग का खेल जारी रहता है।
इनसेट
पानी से धुली सड़कें खोल रही पोल
मौरंग खनन शुरू होने के साथ ही खदानों से ओवरलोडिग रोकने का दावा किया जा रहा था। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना था यदि खदान से ओवरलोडिग होती है तो संचालक को भी कार्रवाई के दायरे में लिया जाएगा। वाहन चालक अधिकारियों की आंख में धूल झोंकने के लिए रस्सी-तिरपाल में ढंककर मौरंग लादकर निकलते हैं। रात के अंधेरे में दौड़ते वाहनों से गिरने वाली पानी से सुबह प्रमुख सड़कें धुली मिलती हैं।
---
अनवतर जारी रहेगी कार्रवाई
अवैध खनन व ओवरलोडिग के खिलाफ अभियान जारी है। सभी खदान संचालकों को नियमों के अनुरूप खनन के निर्देश दिए गए हैं। नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध अभियान आगे भी चलेगा। इलाकाई पुलिस को ओवलोडिग रोकने के निर्देश दिए गए हैं। - प्रह्लाद सिंह, एसडीएम-खागा