प्रतिव्यक्ति औसत आय में फिसड्डी नगर निकाय
नगर पालिका और नगर पंचायतें खुद की कमाई के मामले में कमजोर साबित हो रही है। निकाय क्षेत्र में निवास करने वाली आबादी में भले ही प्रति व्यक्ति आय का औसत राज्य स्तर पर 350 रुपये है लेकिन जनपद की सभी सात निकायों में यह औसत 23 रुपये में सिमट गया है। अंधेर तो यह है कि नगर पालिका और नगर पंचायतें अपने निर्धारित टैक्स तक वसूल नहीं कर पा रही हैं। मुख्यालय की सदर नगर पालिका ऐसी है जहां 26 साल से नये मकानों का असिस्मेंट तक नहीं हुआ।
जागरण संवाददाता, फतेहपुर: प्रति व्यक्ति आय के मामले में जिले की नगर पालिकाएं और नगर पंचायतें फिसड्डी साबित हो रही हैं। राज्य स्तर पर जहां विभिन्न टैक्सों के माध्यम से होने वाली प्रति व्यक्ति औसत आय 350 रुपये हैं। वहीं नगर पालिका फतेहपुर की आय महज 19 रुपये पर अटकी है। इसे लेकर पिछले दिनों निकाय वित्तीय संसाधन निगम के अध्यक्ष राजीव गर्ग ने नाराजगी जताई थी।
नगर पालिका और नगर पंचायतों को सरकार 14 वां वित्त, राज्य वित्त तथा स्वच्छ भारत मिशन के नाम पर भरपूर बजट दे रही है। इसके बावजूद नगरवासियों को सुविधाएं नहीं मिल पा रहीं। इसका सबसे बड़ा कारण नगर निकायों की आय न होना है। हैरानी की बात ये है कि इसके लिए अफसर गंभीर नहीं हैं। वर्तमान में किशनपुर और बहुआ नगर पंचायत ऐसी है जो टैक्स वसूलने के मामले में शून्य हैं।
बैनामों पर टिकी मुख्य आय
किशनपुर और बहुआ नगर पंचायत को छोड़ दिया जाए तो शेष के सभी निकाय हाउस टैक्स, वाटर टैक्स, खाली भूमि के उपयोग पर टैक्स व नगरीय क्षेत्र में प्रति प्लाट बैनामा व स्टांप ड्यूटी पर मिलने वाला दो फीसद स्थाई टैक्स वसूल रहे हैं। इनमें से मुख्य आय सिर्फ बैनामों पर टिकी है। बाकी टैक्सों की वसूली बस नाममात्र ही हो रही है।
इन पर टैक्स ही नहीं
निकाय क्षेत्र में होर्डिंग्स-बैनर, वाल पेंटिग का टैक्स लिया ही नहीं जा रहा। इसके अलावा ई-रिक्शा का रजिस्ट्रेशन व मासिक किराया, पार्किंग शुल्क, अस्पताल व मैरिज हाल टैक्स, सब्जी मंडी, पशु बाजार, जल प्रभार कर भी नहीं वसूले जा रहे। आय के मामले में निकायों की स्थिति फिसड्डी है। इसके लिए विभिन्न टैक्स लागू कराए जाएंगे। बाइलाज बनवाया जाएगा और बोर्ड बैठक में इसे पास कराकर लागू कराया जाएगा।
पप्पू गुप्ता, नोडल अधिकारी, निकाय राज्य औसत प्रति व्यक्ति 350 रुपये के सापेक्ष स्थिति
निकाय का नाम प्रति व्यक्ति आय सभी स्रोतों से आय खर्च
नगर पालिका सदर 19 रुपये 13 करोड़ आठ करोड़
नगर पालिका बिदकी 08 रुपये 5 करोड़ तीन करोड़
नगर पंचायत हथगाम 10 रुपये डेढ़ करोड़ 74 लाख
नगर पंचायत खागा 14 रुपये सवा करोड़ 74 लाख
नगर पंचायत जहानाबाद 12 रुपये सवा करोड़ 74 लाख
नगर पंचायत बहुआ - 00 90 लाख 45 लाख
नगर पंचायत किशुनपुर - 00 80 लाख 40 लाख
-नोट: सभी स्त्रोतों से आय के सापेक्ष खर्च वेतन, डीजल, प्रशासनिक व्यय, डीजल, वाहन किराया, झाडू, चूना आदि है। निर्माण का खर्च इसमें शामिल नहीं है।