शादी से 17 दिन पहले शहीद हुआ जवान, पाकिस्तान की कायराना हरकत से फतेहपुर में शोक की लहर
फतेहपुर के चांदपुर थाने के साठिगवां गांव निवासी BSF जवान विजय कुमार पांडेय (27) शनिवार देर रात अखनूर सेक्टर में सीमा पर पाकिस्तान के सीज फायर उल्लंघन में गोली लगने से शहीद हो गये।
फतेहपुर (जेएनएन)। रमजान के पवित्र महीने में भारत की सीमा पर सीज फायर की घोषणा के बाद भी पाकिस्तान की कायराना हरकत के कारण फतेहपुर का एक जवान जम्मू में देश की सीमा की रक्षा करते हुए शहीद हो गया। विवाह की तैयारी में लगे फतेहपुर के जवान विजय कुमार पाण्डेय का पार्थिव शरीर सोमवार को उनके पैतृक निवास पर आने की संभावना है।
फतेहपुर के चांदपुर थाने के साठिगवां गांव निवासी बीएसएफ जवान विजय कुमार पांडेय (27) शनिवार देर रात अखनूर सेक्टर में सीमा पर पाकिस्तानी के सीज फायर उल्लंघन में गोली लगने से शहीद हो गये। विजय कुमार पांडेय जम्मू कश्मीर के अखनूर सेक्टर में तैनात थे। शहीद जवान की कोर से रविवार सुबह मां सविता देवी के मोबाइल कर कॉल आई। उस कॉलर ने मां को सीधे बेटे के शहीद होने की सूचना नहीं दी। पड़ोसी शैलेंद्र वर्मा ने बात की तो विजय के शहीद होने की जानकारी दी।
बिखर गई खुशियां, घर में मातम
बीएसएफ जवान विजय कुमार पांडेय का विवाह चाँदपुर थाने के बुढ़वा गांव में तय हुई थी। 15 जून को तिलक था, 20 जून को बरात जानी थी।
33वीं वाहिनी में तैनात थे अजय
विजय कुमार 4 जुलाई 2012 को 33 वीं वाहिनी में भर्ती हुआ थे। विजय की शिक्षा प्राथमिक पाठशाला सठिगवां जूनियर की शिक्षा आदर्श इंटर कालेज साठिगवां, 12 की शिक्षा बलदेव गिरी पाठशाला अमौली से पूरी हुई थी। विजय के बड़े भाई अजय कुमार पांडेय तो कानपुर नगर निगम में कार्यरत हैं।