फतेहपुर के गुनीर में लाखों के अवैध पटाखे जब्त, आरोपी गिरफ्तार
फतेहपुर के गुनीर गांव में पुलिस ने दीपावली के लिए अवैध रूप से डंप किए गए साढ़े तीन क्विंटल पटाखे ...और पढ़ें

HighLights
साढ़े तीन क्विंटल अवैध पटाखे गुनीर में बरामद
दीपावली बिक्री हेतु बिना लाइसेंस डंप किए थे
आरोपी शुभम सिंह चौहान विस्फोटक अधिनियम में गिरफ्तार
संवाद सूत्र, चौडगरा। दीपावली पर्व के मद्देनजर बिना लाइसेंस के घर पर पटाखा डंप करने की सूचना पाकर पुलिस ने गुनीर गांव स्थित एक घर में छापा मार कर विभिन्न ब्रांडों के साढ़े तीन क्विंटल पटाखा बरामद किया। पुलिस ने आरोपित पर विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। बिंदकी सर्किल में अवैध पटाखा पकड़े जाने की यह चौथी कार्रवाई है।
कल्यानपुर थाने के गुनीर गांव निवासी शुभम सिंह चौहान के यहां बिना लाइसेंस के अवैध रूप से पटाखे डंप होने की जानकारी पुलिस को मिली। यह पटाखे दीपावली पर बिक्री के लिए लाए गए थे। पुलिस ने इसके घर के पास स्थित गोदाम में छापा मारा तो आरोपित घर से पटाखों को निकाल कर कहीं अन्यत्र छिपाने के लिए लेकर जा रहा था।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बोरियां व गत्तों में भरे पटाखों को कब्जे में ले लिया। थाना प्रभारी तुषार श्रीवास्तव ने बताया कि बिना लाइसेंस के पटाखे अवैध रूप से डंप किए गए थे। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 3.50 क्विंटल पटाखे पकड़े हैं। इनको कब्जे में लिया गया है। आरोपित पर विस्फोटक अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
बिंदकी सर्किल में अवैध पटाखों पर चौथी कार्रवाई
बिंदकी : मलवां थाना व कस्बा में विस्फोट की घटना के बाद पुलिस पटाखों काे अवैध रूप से डंप करने को लेकर सख्त हो गई। बिंदकी सर्किल में अवैध पटाखों का सबसे बड़ा जखीरा कस्बा जहानाबाद में पकड़ा गया है। यहां पर तीन लोगों के यहां पर अवैध रूप से पटाखे बरामद हुए हैं। इन पर मुकदमा दर्ज किया गया है। कल्यानपुर थाने के गुनीर गांव में यह चौथी कार्रवाई है, जिसमें पुलिस ने भारी मात्रा में पटाखे पकड़े हैं।
