फतेहपुर में सर्पदंश की शिकार महिला की हुई मौत, झाड़फूंक के चक्कर में गई जान
फतेहपुर के खागा में एक महिला की सर्पदंश से मौत हो गई। झाड़फूंक के चक्कर में इलाज में देरी होने ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
महिला को घर में साफ-सफाई करते समय सांप ने डसा।
झाड़फूंक के चक्कर में इलाज में हुई देरी।
सीएचसी पहुंचने पर डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित किया।
संवाद सहयोगी, खागा। कोतवाली क्षेत्र के काही गांव में रविवार सुबह घर के अंदर साफ-सफाई के दौरान महिला को सांप ने हाथ में डस लिया। पीड़िता को झाड़फूंक कराने के बाद स्वजन, सीएचसी लेकर गए। जहां चिकित्सीय टीम ने उसे मृत घोषित कर दिया। गांव के शिवकरन सिंह की 25 वर्षीय पत्नी साधना देवी, रविवार सुबह आठ बजे घर के अंदर साफ-सफाई कर रही थीं। तभी दरवाजे के ऊपर से लटक कर सांप ने महिला के हाथ में डस लिया। महिला की चीख सुनकर स्वजन मौके पर पहुंचे। सांप के डसने की पुष्टि करने के बाद स्वजन पीड़िता को पहले झाड़फूंक करने वाले के पास कटपुरवा गांव ले गए।
वहां घंटों का समय बर्बाद हो गया। जब वहां पर आराम नहीं मिला तो पीड़िता को दस बजे सुबह सीएचसी ले आकर दिखाया गया। जहां चिकित्सीय टीम ने पीड़िता को मृत घोषित कर दिया। महिला की दो वर्ष पूर्व शादी हुई थी। गमजदा पति ने बताया कि जिस समय घटना हुई, पत्नी कमरे में अकेले थी। साफ-सफाई के दौरान सांप ने पत्नी के हाथ में डस लिया था। स्वजन ने शव का पाेस्टमार्टम कराने से मना कर दिया।
तीन माह में 60 पीड़ित हुए भर्ती, चार ने गंवाई जान
खागा सीएचसी में विगत तीन माह के अंदर सांप के डसने व दूसरे जहरीले कीड़े के काटने से 60 लोग अस्पताल में भर्ती हुए। चिकित्सक ने लक्षण के अनुसार सभी पीड़ितों का उपचार किया। उपचार में देरी व लापरवाही के चलते विगत माह पांच मरीजों की मृत्यु हो गई। जिसमें सुल्तानपुर घोष थाने के दावतमई गांव निवासी शिवचरण, खखरेड़ू के रामनगर मुहल्ला निवासी दस वर्षीय अंशु कुमार, कोतवाली क्षेत्र के कुम्भीपुर गांव निवासी सीमा सम्मिलित रहे।
