एक हवन ऐसा भी... फतेहपुर के शिव मंदिर में तीन क्विंटल लाल मिर्च से दी आहुतियां, Video Viral; वजह जानकर चौंक जाएंगे
फतेहपुर के लदिगंवा गांव स्थित शिव मंदिर में तीन क्विंटल लाल मिर्च से हवन किया गया, जिसका वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है।
HighLights
फतेहपुर के शिव मंदिर में लाल मिर्च से हवन।
नकारात्मक शक्तियां दूर करने के लिए दी आहुतियां।
हवन का वीडियो सोशल मीडिया पर हुआ वायरल।
जागरण संवाददाता, फतेहपुर। यूपी के फतेहपुर में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। इस मामले का वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है। गांव के कुछ लोगों ने शिव मंदिर के हवन कुंड में कुछ ऐसा कि उसकी चर्चा गांव के आसपास भी होने लगी।
मामला बहुआ के लदिगंवा गांव स्थित शिव मंदिर प्रांगण का है। गांव के लोगों ने तीन क्विंटल लाल मिर्च की हवन की आहुतियां दीं। इंटरनेट मीडिया में वीडियो प्रचलित होने पर लोग तरह-तरह के कमेंट कर रहे हैं।
सभी ने हाथ में पहन रखी थी पालिथीन
हवन के दौरान हर किसी ने हाथ में पालिथीन पहन रखी थी। इसमें न सिर्फ पुरुष हवन में आहुतियां दे रहे थे बल्कि उनके साथ महिलाएं और बच्चे भी थे। बीच-बीच में हवन से उठने वाली मिर्च के धुएं से बचाव के लिए लोग खुद को कपड़े से ढकते नजर आए।
तीन क्विंटल मिर्च को कूटकर तैयार किया हवन के लिए
हवन के लिए पहले तीन क्विंटल सूखे लाल मिर्च को कूटकर हवन के लिए तैयार किया गया। इसके बाद उसे सभी को अलग-अलग दिया गया। वहीं, हवन कुंड भी लगभग पांच से छह फिट गहरा बनाया गया था।
इस वजह से किया था हवन
शिव मंदिर में हवन करने वाले वेदपाठी संत अलोकानंद ने कहा कि कुछ लोगों को नकारात्मक शक्तियों से बाधा थी, जिनकी सुखशांति के लिए उग्र देवियों का आह्वान किया गया था। इससे नकारात्मक शक्तियां दूर होती हैं। मंदिर में सिर्फ लाल मिर्च का हवन नहीं किया गया है बल्कि इसके बाद शिव परिवार के साथ केतु ग्रह एवं मंगल ग्रह की शांति के लिए हवन सामग्री की भी आहुति दी गई है।
