फतेहपुर में कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर दो ट्रकों की सीधी भिड़ंत, चालक और खलासी की मौत
फतेहपुर में कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर दो ट्रकों की सीधी भिड़ंत में एक ट्रक के चालक और खलासी की मौत हो गई।

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
फतेहपुर में कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर ट्रकों की सीधी भिड़ंत।
हादसे में एक ट्रक के चालक और खलासी की दुखद मौत।
पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाया, परिजनों को सूचना दी।
जागरण संवाददाता, फतेहपुर। कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर लखनऊ बाईपास में ट्रकों की सीधी भिड़ंत में खलासी की मौत हो गई जबकि चालक को गंभीर हालत में जिला अस्पताल से एलएलआर हॉस्पिटल कानपुर रेफर किया गया जहां चालक ने भी इलाज दौरान दम तोड़ दिया।
पुलिस ने हादसे की सूचना जरिए मोबाइल दिवगतों के स्वजन को दे दी है। हादसे में क्षतिग्रस्त दोनों वाहनों को पुलिस ने क्रेन के जरिए किनारे कराया।
राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के परौली थाने के परौली निवासी ट्रक चालक शोभाराम मीणा गाड़ी में गुजरात से पुराने टायर लादकर वाराणसी जा रहा था। जिनके साथ खलासी सावरलाल भी सवार था। गुरुवार को सदर कोतवाली के लखनऊ बाईपास के समीप पहुंचे तो सामने से आ रहे ट्रक से सीधी भिड़ंत हो गई।
सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर गई और केबिन में फंसे चालक व खलासी को जिला अस्पताल लाकर भर्ती कराया जहां चिकित्सक ने शोभाराम को मृत घोषित कर दिया जबकि चालक को एलएलआर हॉस्पिटल कानपुर रेफर कर दिया गया।
इलाज दौरान चालक ने भी दम तोड़ दिया। इंस्पेक्टर हेमंत मिश्रा ने बताया कि ट्रकों की सीधी भिड़ंत में एक ही ट्रक के चालक व खलासी की मौत हो गई है। स्वजन के आने पर तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
