फतेहपुर मेडिकल कॉलेज में पहली बार दूरबीन विधि से बच्चेदानी निकालने का ऑपरेशन, 6 महिलाओं की हुई सफल सर्जरी
फतेहपुर मेडिकल कॉलेज में पहली बार 6 महिलाओं की बच्चेदानी का सफल लैप्रोस्कोपिक ऑपरेशन किया गया है।

मेडिकल कालेज की महिला ओटी में आपरेशन करते डा.राजेश मौर्य व स्त्री एवं प्रसूती रोग विशेषज्ञ डा. रोशनी गुप्ता। जागरण
HighLights
फतेहपुर मेडिकल कॉलेज में पहली बार लैप्रोस्कोपिक हिस्टेरेक्टॉमी हुई।
छह महिलाओं की बच्चेदानी का सफल दूरबीन ऑपरेशन किया गया।
महिलाओं को अब इलाज के लिए दूसरे शहरों नहीं जाना पड़ेगा।
जागरण संवाददाता, फतेहपुर। बच्चेदानी में गांठ, असामान्य रक्तस्राव, लगातार पेट दर्द, सूजन या बच्चेदानी नीचे खिसकने की समस्या से जूझ रही महिलाओं को अब आधुनिक ऑपरेशन के लिए कानपुर और लखनऊ की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। मेडिकल कॉलेज के अस्पताल में पहली बार दूरबीन विधि (लैप्रोस्कोपिक सर्जरी) से 6 महिलाओं की बच्चेदानी निकालने के सफल ऑपरेशन किए गए हैं। इस सुविधा के शुरू होने से मरीजों को बेहतर उपचार के साथ आर्थिक राहत भी मिलेगी।
मेडिकल कॉलेज में लगातार आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। इससे पहले पित्त की थैली, किडनी और मूत्राशय की पथरी तथा अपेंडिक्स के आपरेशन दूरबीन विधि से किए जा रहे थे। हालांकि महिला आपरेशन थिएटर में अब तक मुख्य रूप से सीजेरियन तक ही सुविधाएं सीमित थीं। अब यहां स्त्री रोग संबंधी जटिल आपरेशन की सुविधा भी शुरू कर दी गई है।
गुरुवार को प्राचार्य डॉ. राजेश मौर्य के मार्गदर्शन में स्त्री व प्रसूति रोग विभागाध्यक्ष डॉ. रोशनी गुप्ता के नेतृत्व में चिकित्सकों की टीम ने छह महिलाओं की लैप्रोस्कोपिक विधि से बच्चेदानी निकालने की सफल सर्जरी की। इस नई सुविधा से उन महिलाओं को बड़ी राहत मिलेगी, जिन्हें पहले इस तरह के आपरेशन के लिए दूसरे शहरों के निजी या बड़े अस्पतालों का सहारा लेना पड़ता था।
कैसे होती है लैप्रोस्कोपिक सर्जरी
लैप्रोस्कोपिक सर्जरी को आम भाषा में दूरबीन विधि का ऑपरेशन कहा जाता है। इसमें पेट पर बड़ा चीरा लगाने के बजाय तीन से चार छोटे छेद किए जाते हैं। एक छेद से कैमरे वाली पतली दूरबीन (लैप्रोस्कोप) पेट के अंदर पहुंचाई जाती है। इससे अंदरूनी अंगों की तस्वीर स्क्रीन पर दिखाई देती है। अन्य छेदों से विशेष उपकरण डालकर चिकित्सक बच्चेदानी को आसपास के अंगों से सावधानीपूर्वक अलग करते हैं और उसे बाहर निकालते हैं।