विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फतेहपुर में प्रेमी से शादी पर अड़ी युवती तो मां और भाई ने मार डाला, बोले-बदनामी हो रही थी

Published: Tue, 10 Mar 2026 07:38 AM (IST)

फतेहपुर में एक मुस्लिम युवती फरजाना की उसके हिंदू प्रेमी से शादी की जिद पर मां और भाई ने हत्या ...और पढ़ें

गाजीपुर पुलिस की हिरासत में हत्यारोपित मां व पुत्र। स्रोत पुलिस

गाजीपुर पुलिस की हिरासत में हत्यारोपित मां व पुत्र। स्रोत पुलिस

जागरण संवाददाता, फतेहपुर। मुस्लिम युवती अपने हिंदू प्रेमी से शादी पर अड़ी थी, इसलिए मां और भाई ने मिलकर उसे मार डाला। हत्यारोपित भाई ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि बहन ने प्रेम प्रसंग के चलते ट्रेन से कटकर जान देने का प्रयास किया था। इससे समाज में बदनामी हो रही थी। इसलिए पहले उसे सल्फास घोलकर पिला दिया। वह छटपटाने लगी तो मां ने हाथ-पैर पकड़े और उसने गला दबाकर हत्या कर दी।

उसके शव को चने के खेत में फेंक दिया था। घटना एक मार्च की रात हुई थी। पुलिस को पहले प्रेमी पर शक था, लेकिन बाद में मां-बेटे का नाम सामने आया। सोमवार को दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

दो मार्च को इमाम खान की 21 वर्षीय बेटी फरजाना का शव बोधन कुम्हार के चने के खेत में मिला था। पुलिस ने उसकी मां अफसाना व भाई अफसार से मुकदमा दर्ज कराने के लिए कहा तो दोनों ने इन्कार कर दिया था। पुलिस ने अज्ञात पर मुकदमा दर्ज किया और युवती के प्रेमी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, लेकिन कोई साक्ष्य नहीं मिला।

इसके बाद युवती की मां व भाई के मोबाइल नंबर की सीडीआर खंगाली तो परत-दर-परत खुलने लगी। एक मार्च की रात से दो मार्च सुबह तक मां-बेटे में कई बार बात हुई थी। एसओ हनुमान प्रताप सिंह ने बताया कि मां और भाई युवती को बहाने से अरहर के खेत में ले गए और हत्या कर दी। इसके बाद शव 150 मीटर दूर चने के खेत में फेंक दिया था।