कानपुर से सटे शहर में सुगम यातायात के लिए नया ट्रैफिक प्लान, 24 जगहों पर बनेंगे टेंपो-टैक्सी स्टैंड
फतेहपुर में शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए नया ट्रैफिक प्लान तैयार किया जा रहा है।

ये तस्वीर AI द्वारा जनरेट की गई है।
HighLights
कचहरी मार्ग वन-वे हुआ, अन्य सड़कों पर भी लागू होगी यह व्यवस्था।
शहर में 24 स्थानों पर बनेंगे नए टैंपो-टैक्सी स्टैंड।
ई-रिक्शा के लिए रूट और रंग निर्धारित होंगे, मनमानी रुकेगी।
जागरण संवाददाता, फतेहपुर। शहर की ट्रैफिक व्यवस्था पर दैनिक जागरण पिछले तीन दिनों से समाचारीय अभियान चला रहा है। देर से ही सही प्रशासन ने ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर करने की कवायद शुरू की है।
कचहरी मार्ग को वन-वे कर दिया गया है, यह प्रयोग सफल होने पर अन्य व्यस्त सड़कों को वन-वे के रुप में निर्धारित किया जाएगा। सबसे बड़ी समस्या है टैंपो-टैक्सी के अड्डे न होने की है, डीएम ने पुलिस, राजस्व व नगर पालिका की संयुक्त टीम बनाई है, जो शहर क्षेत्र में 24 स्थानों में टैंपो-टैक्सी स्टैंड बनाने को जमीन चिन्हित करेगी। यह ट्रैफिक प्लान दिसंबर तक बनकर तैयार हो जाएगा और जनवरी माह से नया ट्रैफिक प्लान लागू करने की तैयारी की गयी है।
छह साल पहले शहर का ट्रैफिक प्लान बनाने की पहल शुरू हुई थी, लेकिन अफसर बदले तो फाइल भी ठंडे बस्ते में चली गयी। अब डीएम निधि गुप्ता वत्स और एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने शहर में सुगम यातायात के लिए नया ट्रैफिक प्लान बनाकर शहर को बेहतर ट्रैफिक व्यवस्था देने की पहल शुरू की है।
मुख्य बात यह है कि शहर में यूं तो शहर में ई-रिक्शा बहुतायात संख्या में है, जो बदहाल ट्रैफिक के लिए मुख्य जिम्मेदार है। प्रशासन ने जो प्लान बनाया है उसमें किसी ई-रिक्शा का संचालन बंद नहीं होगा बल्कि हर ई-रिक्शा के लिए रूट का निर्धारण होगा। इन्हें अपने रूट के लिए एक अलग रंग अलॉट किया जाएगा।
उस रंग के ई-रिक्शा अपने निर्धारित रूट पर ही दौड़ेंगे। इस व्यवस्था से कोई ई-रिक्शा बंद नहीं होगा लेकिन यह मनमानी खत्म हो जाएगी कि कोई भी ई-रिक्शा किसी भी जगह की सवारी नहीं उठाएगा।
यात्रा के लिए अलग-अलग रूट पर अलग-अलग ई-रिक्शा से जाना पड़ेगा। वहीं ई-रिक्शा व टेंपो-टैक्सी फुटपाथ पर खड़े न हो इसके लिए प्रशासन नगर पालिका के सहयोग से 24 स्थलों पर वाहन स्टैंड भी बनायेगा।
निजी बस स्टैंड व टेंपो टैक्सी स्टैंड को समझें
शहर में हथगाम, छिवलहा, जोनिहा जहानाबाद, बिंदकी, गाजीपुर-असोथर आदि क्षेत्रों के लिए निजी बसें भी चलती हैं, इनके स्टैंड को भी यथा संभव शहर के बाहरी हिस्सों में स्थापित कराया जाएगा, जबकि टेंपो-टैक्सी स्टैंड को शहर के अंदर सरकारी जमीनों पर स्थापित कराया जाएगा।
निजी बस स्टैंड तक सवारियां ई-रिक्शा व टैंपो-टैक्सी से पहुंचेंगे। इस व्यवस्था पर ट्रैफिक व्यवस्था पर भारी परिवर्तन होगा और आम शहरियों को बड़ी सहूलियत मिलेगी।

प्लान लागू करने से पहले होगा मंथन
-प्रशासन जो प्लान तैयार कर रहा है, इसे यूं ही लागू नहीं किया जाएगा। बल्कि पहले सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में आम शहरियों से इस पर बातचीत होगी और सबकी राय लेते हुए प्लान को लागू किया जाएगा। ताकि शहरियों को अधिक से अधिक सुविधा का लाभ पहुंचाया जा सके।
जमीन चिह्नांकन में शहर की पूरी आबादी और बसावट को ध्यान में रखते हुए वाहन स्टैंड चिन्हित किए जा सके। ताकि लोगों को ज्यादा दूर पैदल नहीं चलने पड़े।
यह भी पढ़ें- दुर्गापूजा में बदलेगी लखीसराय शहर की ट्रैफिक व्यवस्था, भारी वाहनों पर रोक की तैयारी
नए ट्रैफिक प्लान में यह बिंदु हुए शामिल
- पहले सड़क और फुटपाथ का अतिक्रमण चिह्नित कर हटाया जाएगा।
- मुख्य बाजारों को नो फोर व्हीलर जोन बनाया जाएगा।
- शहर के स्कूलों को त्योहारी सीजन में रात के लिए पार्किंग जोन बनाया जाएगा।
- नगर पालिका द्वारा शहर में बाजार व भीड़भाड़ वाले स्थानों से पहले पार्किंग बनेगी।
- ज्वालागंज बस स्टाप को वर्कशाप से संचालित किया जाएगा।
‘राजस्व, पुलिस और नगर पालिका की संयुक्त टीमें गठित है, शहर के नए ट्रैफिक प्लान की तैयारी शुरू कर दी गयी है। सभी तरह के निर्धारण करते हुए लागू करने से पहले आम राय बनाई जाएगी। अभी टीमें जगह चिन्हित करने और प्लान बनाने में लगी हैं। जल्द ही सुखद यातायात के लिए नया ट्रैफिक प्लान लागू किया जाएगा। ताकि शहरियों को सुविधा दी जा सके। ’
अभिमन्यु मांगलिक, एसपी
