दुर्गापूजा में बदलेगी लखीसराय शहर की ट्रैफिक व्यवस्था, भारी वाहनों पर रोक की तैयारी
लखीसराय शहर में दुर्गापूजा के दौरान भीड़ और जाम की गंभीर समस्या को देखते हुए जिला प्रशासन ने विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया है।

दुर्गापूजा में बदलेगी लखीसराय शहर की ट्रैफिक व्यवस्था, भारी वाहनों पर रोक की तैयारी
HighLights
दुर्गापूजा के लिए लखीसराय में विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार।
17 से 21 अक्टूबर तक भारी वाहनों का शहर में प्रवेश बंद।
मुख्य बाजार मार्गों पर वाहनों की आवाजाही नियंत्रित होगी।
संवाद सहयोगी, लखीसराय। शहर में जाम की गंभीर समस्या और दुर्गापूजा के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर तैयारी शुरू कर दी है। नवरात्र शुरू होने के बाद शहर में श्रद्धालुओं के साथ वाहनों का दबाव भी बढ़ेगा। इसे देखते हुए दुर्गापूजा स्पेशल ट्रैफिक प्लान तैयार किया जा रहा है।
ट्रैफिक डीएसपी, डीटीओ, डीएम और एसपी के स्तर पर इसकी रूपरेखा तैयार की जा रही है। हालांकि, प्रस्तावित मार्गों पर वाहनों के प्रवेश को लेकर अभी आधिकारिक आदेश जारी नहीं हुआ है।
तय व्यवस्था : भारी वाहनों का परिचालन रहेगा बंद
प्रशासन की ओर से दुर्गापूजा के दौरान भारी वाहनों का शहर में परिचालन बंद रखने की तैयारी तय की गई है। सप्तमी 17 अक्टूबर को बेलभरणी शोभायात्रा से लेकर 21 अक्टूबर को प्रतिमा विसर्जन तक यातायात को नियंत्रित किया जाएगा।
भीड़ नियंत्रण के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। प्रशासनिक, पुलिस, दूध, एंबुलेंस सहित आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों के परिचालन को सामान्य रखने की व्यवस्था रहेगी।
प्रस्तावित व्यवस्था : कई मार्गों से बाजार में प्रवेश पर रोक
ट्रैफिक प्लान के ब्लूप्रिंट में शहर के विभिन्न प्रवेश मार्गों से मुख्य बाजार की ओर आने वाले वाहनों को रोकने का प्रस्ताव है। इसके तहत जमुई मोड़ से मुख्य बाजार जाने वाली सड़क पर चारपहिया सहित छोटे-बड़े वाहनों के प्रवेश को नियंत्रित करने की योजना है।
बाइपास स्थित मंडल कारा लखीसराय मोड़ से परिया पोखर होते हुए जमुई मोड़ और बाजार की ओर भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक का प्रस्ताव है।
इसी तरह पचना रोड बाइपास से मुख्य बाजार की ओर आने वाले वाहनों तथा विद्यापीठ चौक से मुख्य बाजार, पुरानी बाजार और चितरंजन रोड की ओर जाने वाले वाहनों के प्रवेश को भी रोकने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इन मार्गों के लिए वैकल्पिक यातायात व्यवस्था पर विचार किया जा रहा है।
आरओबी बंद होने शहर पर बढ़ा दबाव
शहर के बाइपास आरओबी पर पहले से भारी वाहनों का परिचालन बंद रहने के कारण मुख्य सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ा हुआ है। ऐसे में दुर्गापूजा के दौरान जाम से निपटना प्रशासन के लिए चुनौती होगी।
एसपी प्रेरणा कुमार ने बताया कि श्रद्धालुओं और आम लोगों को परेशानी न हो, इसके लिए ट्रैफिक डीएसपी के साथ कार्ययोजना तैयार की जा रही है। अंतिम ट्रैफिक प्लान प्रशासनिक स्तर पर स्वीकृति के बाद स्पष्ट किया जाएगा।
