विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

खागा सीएचसी में सीएमओ का छापा, आठ स्वास्थ्यकर्मी गायब वेतन रोका

Published: Fri, 19 Jun 2026 11:42 PM (IST)

सीएमओ डॉ. यूबी सिंह ने खागा सीएचसी का औचक निरीक्षण किया, जिसमें अधीक्षक समेत आठ स्वास्थ्यकर्मी अनुपस्थित मिले। लापरवाही पर ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. सीएमओ ने खागा सीएचसी का औचक निरीक्षण किया।

  2. अधीक्षक सहित आठ स्वास्थ्यकर्मी ड्यूटी से अनुपस्थित मिले।

  3. लापरवाही पर पांच कर्मियों का वेतन रोका गया।

संवाद सहयोगी, खागा(फतेहपुर)। शुक्रवार को सीएमओ डा. यूबी सिंह ने सीएचसी खागा का निरीक्षण किया। सीएचसी अधीक्षक डा. सरल सोनी समेत आठ स्वास्थ्य कर्मी ड्यूटी से गायब मिले। सीएमओ ने सख्त रुख अपनाते हुए डाक्टर समेत पांच स्वास्थ्य कर्मियों का वेतन रोक दिया। अधीक्षक से भी स्पष्टीकरण मांगते हुए विगत तीन वर्ष के खर्च का लेखा-जोखा प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

निरीक्षण में अधीक्षक के साथ ही आरबीएसके टीम के डा. जफर और डा. पुष्पेंद्र सीएचसी में अनुपस्थित मिले। हालांकि इनके बारे में बताया गया कि वह टीम के साथ क्षेत्र में हैं। रजिस्टर में स्वास्थ्य कर्मियों के नाम के आगे पद न अंकित होने पर नाराजगी व्यक्त की। जच्चा-बच्चा मृत्यु दर से संबंधित डिस्प्ले बोर्ड न होने पर फटकार लगाई। वित्तीय मामलों में पारदर्शिता के लिए अधीक्षक से पिछले तीन वर्ष का हिसाब-किताब मांगा है।

डेंटिंग-पेंटिंग, शौचालय मरम्मत, पानी की व्यवस्था व अन्य विकास कार्यों के लिए किस मद से कितना बजट मिला और उसे कहां-कहां खर्च किया गया, इसका पूरा विवरण मांगा गया है। अस्पताल परिसर चारों ओर गंदगी मिलने पर डेटा आपरेटर नीरज सिंह, कम्प्यूटर आपरेटर उमेश सिंह और कम्प्यूटर डेटा आपरेटर जैवेश सिंह का तत्काल प्रभाव से वेतन रोकने के निर्देश दिए।

ड्यूटी से गायब बीपीएम ऐश्वर्या, कनिष्ठ लिपिक और यूडीसी सहायक के विरुद्ध भी कार्रवाई करते हुए बीपीएम का वेतन रोक इनसे स्पष्टीकरण मांगा गया है। महीनों से गायब चल रहे डेंटल सर्जन डा. वीरेंद्र चौधरी का कक्ष बंद मिलने पर वेतन रोकने व स्पष्टीकरण की कार्रवाई की गई है।

वैक्सीन कक्ष, खराब जनरेटर और बंद आक्सीजन प्लांट देखा

अस्पताल के स्टोर रूम का निरीक्षण करने पर सी-बैक फार्म डंप मिले। वहीं बेहद जरूरी एंटी रैबीज वैक्सीन स्टाक से ज्यादा मिला। जिस फटकार लगाई और फार्मासिस्ट जगतपाल सिंह का वेतन रोकने के निर्देश देते हुए सीएमओ ने इनसे स्पष्टीकरण मांगा है। आक्सीजन प्लांट चालू करा कर सीएमओ ने देखा तो धूल का गुबार निकला।

स्टाफ नर्स को धमकी देने में अधीक्षक से मांगा जवाब

अस्पताल के निरीक्षण में 16 जून की रात हुई घटना को सीएमओ ने गंभीरता से लिया। स्टाफ नर्स अंशिका ने बताया कि नाइट ड्यूटी लगाए जाने और सुरक्षाकर्मी न होने पर उन्हाेंने सीएमओ से इसकी शिकायत की थी। जिसमें अधीक्षक डा. सरल सोनी ने नर्स को धमकी दी थी कि सीएमओ से शिकायत करके अच्छा नहीं किया। सीएमओ ने इस व्यवहार पर अधीक्षक से अलग से स्पष्टीकरण मांगा है।

निरीक्षण में कई कमियां मिली हैं, लापरवाही भी स्पष्ट हुई है। अनुपस्थित और लापरवाह कर्मचारियों का वेतन रोकते हुए स्पष्टीकरण मांगा गया है। अधीक्षक से जवाब और स्पष्टीकरण के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
- डा. यूबी सिंह, सीएमओ