फतेहपुर में करवा चौथ की धूम, सुहागिनों ने पिया संग मनाया अखंड सौभाग्य का पर्व
फतेहपुर में सुहागिनों ने पति की दीर्घायु और परिवार की सुख-समृद्धि के लिए करवा चौथ का निर्जला व्रत हर्षोल्लास से मनाया। उन्होंने

फतेहपुर 364 पति-पत्नी ने रखा निर्जला व्रत
HighLights
फतेहपुर में सुहागिनों ने पति की दीर्घायु के लिए रखा निर्जला व्रत।
जिला कारागार में 28 महिला बंदियों ने भी मनाया करवा चौथ का पर्व।
पूर्व सैनिक समिति के मिशन में 364 दंपतियों ने मिलकर रखा व्रत।
जागरण संवाददाता, फतेहपुर। संस्कृति, परंपरा, संस्कार और अखंड सौभाग्य के महापर्व को जनपद में हर्षोल्लास से मनाया गया। लहंगा, चुनरी, बिंदी के साथ आभूषण पहनकर सुहागिनों ने विधि विधान से पूजन किया। सबसे पहले चंद्रमा को अर्घ्य दिया और इसके बाद छलनी से पति के चांद से चेहरे का दीदार किया और फिर उन्हीं के हाथों जल पीकर दिन भर के निर्जला व्रत का परायण किया।
पति की दीर्घायु और परिवार की सुख-समृद्धि के लिए सुहागिन महिलाएं दिन भर का निर्जला व्रत रखती हैं। रात 7.57 बजे के बाद चंद्रोदय के बाद पुष्प, अक्षत, चंदन, मिट्टी के करवा, दीपक के साथ विधि विधान से पूजन किया। जिला मुख्यालय समेत खागा, बिंदकी, जहानाबाद, बहुआ, अमौली, बहुआ, असोथर, किशुनपुर, हथगाम, धाता, खखरेड़ू आदि कस्बों व ग्रामीणांचलों में आस्था व विश्वास के साथ व्रत व पर्व मनाया गया।
28 महिला बंदियों ने रखा व्रत
जिला कारागार में निरुद्ध 28 महिला बंदियों ने अपने पति की दीर्घायु की कामना को लेकर करवाचौथ का व्रत रखा। जिन बंदियों के पति भी निरुद्ध हैं, कारागार प्रशासन ने करवाचौथ के अवसर पर उन्हें अपनी पत्नियों के व्रत का परायण करने के लिए पानी पिलाने का अवसर दिया। वहीं अन्य महिला बंदी सुहागिनों ने अपने पति के चित्र को देखकर व्रत का परायण किया। कार्यवाहक जेल अधीक्षक नागेश सिंह ने सभी सुहागिन महिला बंदियों को पूजन सामग्री व व्रत के परायण के बाद विशेष पकवान उपलब्ध कराए।
पतियों ने महंगे उपहार किए भेंट
पति के दीर्घायु होने के लिए सुहागिनों ने दिन भर का निर्जला व्रत रखा तो पतियों ने भी पत्नियों को खुश करने में कोर कसर नहीं छोड़ी। गुरुवार को नगर मुख्यालय के चौक बाजार में खासी भीड़ देखने को मिली। सराफा बाजार में भी चहल पहल रही, यहां पर ज्यादातर पुरुष ही दिखाई पड़े, जो अपनी पत्नियों के लिए सोने-चांदी के जेवरात लेने पहुंचे थे। इसी प्रकार वस्त्रालयों में भी ग्राहकों की संख्या बड़ी तादाद में पहुंची। पति अपनी पत्नियों के लिए महंगी साड़ी, लहंगा, सूट समेत अन्य परिधानों की खरीदारी करते रहे।
364 पति-पत्नी ने रखा निर्जला व्रत
पूर्व सैनिक उत्थान एवं लोक कल्याण समिति के मिशन करवा चौथ कार्यक्रम के अंतर्गत अब तक 364 दंपती जुड़ चुके हैं। पति-पत्नी दोनों व्रत रखते हैं और चांद को अर्ध्य देकर एक-दूसरे के व्रत का परायण कराते हैं। अध्यक्ष विद्याभूषण तिवारी व महिला अध्यक्ष जागृति तिवारी ने कहा कि यह कार्यक्रम बराबर चल रहा है, निश्चित ही आगे आने वाले वर्षों में यह संख्या हजारों में पहुंच जाएगी। उन्होंने कहा कि 14 जोड़ों को संगठन के द्वारा आपसी मतभेद तथा मुकदमे समाप्त कराकर उनका व्रत रखवाया जा रहा है।
