विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फतेहपुर में बस संचालकों को बड़ी राहत, 90 हजार में मिलेगा साल भर का ऑल इंडिया परमिट

Published: Fri, 09 Oct 2026 04:14 PM (GMT+05:30)

फतेहपुर में बस संचालकों को परिवहन विभाग ने बड़ी राहत दी है, जिससे उन्हें अब दूसरे राज्यों में बस ले जाने के लिए अलग-अलग औपचारिकताओं से मुक्ति मिलेगी।

News Article Hero Image

HighLights

  1. 90 हजार रुपये में एक साल का ऑल इंडिया परमिट।

  2. दूसरे राज्यों में बस संचालन की प्रक्रिया हुई सरल।

  3. चारधाम, धार्मिक यात्राओं और टूरिस्ट ग्रुप को सुविधा।

जागरण संवाददाता, फतेहपुर। टूरिस्ट, पार्टी और चारधाम यात्रा के लिए बस संचालन करने वाले स्वामियों के लिए परिवहन विभाग ने राहत की व्यवस्था की है। अब दूसरे राज्यों में बस ले जाने के लिए अलग-अलग औपचारिकताओं और बार-बार उप संभागीय परिवहन कार्यालय के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

शासन के निर्देश पर एक वर्ष की अवधि वाला ऑल इंडिया परमिट 90 हजार रुपये शुल्क में जारी किया जा रहा है। जिले में इस व्यवस्था के तहत दो बस स्वामियों को परमिट जारी हो चुका है, जबकि पांच ने आवेदन किया है।

परमिट मिलने के बाद बस को उत्तर प्रदेश समेत अन्य राज्यों में निर्धारित नियमों के तहत निर्बाध संचालित किया जा सकेगा। इससे चारधाम, धार्मिक यात्राओं, शादी-विवाह और टूरिस्ट ग्रुप के लिए बस चलाने वालों को खास सुविधा मिलेगी। लंबे रूट पर यात्रा करने वाले संचालकों को बार्डर टैक्स समेत विभिन्न राज्यों की अलग-अलग प्रक्रियाओं से भी राहत मिलना शुरू हो गयी है।

खागा, बिंदकी सहित सदर तहसील से दूसरे प्रदेशों के लिए बसों का संचालन किया जाता है। बसों को अब तक दूसरे प्रदेश में बस ले जाने पर संचालकों को संबंधित राज्य के नियमों के अनुसार कर और अन्य कागजी कार्यवाही पूरी करनी पड़ती थीं। इससे समय के साथ अतिरिक्त खर्च भी बढ़ता था।

नए ऑल इंडिया परमिट से यह प्रक्रिया सरल होगी। एक साल के लिए निर्धारित शुल्क जमा करने के बाद बस का संचालन देश के विभिन्न हिस्सों में किया जा सकेगा। खासकर चारधाम यात्रा के दौरान उत्तराखंड, राजस्थान, मध्य प्रदेश, बिहार और अन्य राज्यों में जाने वाले वाहन स्वामियों को इसका लाभ मिलेगा।

जिन लोगों के कार्यालय में आवेदन करने के बाद जरूरी दस्तावेजों की जांच कर परमिट जारी किया जा रहा है। इस व्यवस्था से बस संचालकों को बार-बार कार्यालय आने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

साथ ही लंबी दूरी की यात्रा के दौरान सीमा पर भी अनावश्यक रुकावट कम होने की संभावना है। इससे यात्रियों को समय पर गंतव्य तक पहुंचाने में सुविधा होगी और दूसरे राज्यों में नौकरी व कामगरों को रेलवे में टिकट न मिलने पर इन्हीं बसों का प्रयोग करते हैं। जिससे यह लोग समय से अपनी-अपनी डयूटी में पहुंच जाते हैं।

बोले बस स्वामी

ऑल इंडिया परमिट की व्यवस्था शुरू होने से काफी सुविधा मिला शुरू हो गयी। पहले अलग-अलग राज्यों में बस ले जाने पर परमिट और टैक्स की प्रक्रिया समझने में समय लगता था। अब एक वर्ष के लिए अनुमति मिलने से चारधाम और अन्य धार्मिक यात्राओं के संचालन में आसानी होगी।

- राहुल बाजपेयी

लंबे रूट पर बस चलाने से यह व्यवस्था काफी उपयोगी है। बार्डर पर कागजी कार्रवाई और कर जमा करने में कई बार समय लगता था। अब एकमुश्त शुल्क देकर पूरे साल संचालन की सुविधा मिलने से परेशानी कम होगी। खासकर टूरिस्ट और पार्टी बुकिंग में समय की बचत होगी।

- बउवा सिंह

जिन बस स्वामियों की लांग रूट पर संचालन करना है वह लोग परमिट के लिए जानकारी लेने दफ्तर आ रहे हैं। जिसमें दो बसों का टैक्स जमा कर के ऑल इंडिया परमिट जारी कर दिया गया है। साथ ही पांच लोगों ने परमिट के लिए आवेदन भरे हैं।

रंजीत सिंह, एआरटीओ प्रशासन