फतेहपुर एआरटीओ कार्यालय में छापेमारी, कैश कम मिलने पर बाबू निलंबित, एआरटीओ से मांगा स्पष्टीकरण
फतेहपुर में एआरटीओ कार्यालय पर एडीएम और एएसपी की छापेमारी के दौरान कैश काउंटर पर 7,900 रुपये कम पाए गए। ...और पढ़ें

निलंबित बाबू शुभम सिंह। स्रोत इंटरनेट मीडिया
जागरण संवाददाता, फतेहपुर। उप संभागीय परिवहन कार्यालय में अनियमितताओं और दलालों की सक्रियता की शिकायतों के बाद चार सितंबर को एडीएम और एएसपी की संयुक्त छापेमारी ने विभाग में खलबली मचा दी थी। जांच दौरान कैश पटल पर सरकारी धनराशि की गिनती में 7,900 रुपये कम मिले थे। अधिकारियों के सवाल करने पर संबंधित पटल के बाबू शुभम सिंह संतोषजनक जवाब नहीं दे सके थे।
मामले को गंभीरता से लेते हुए आरटीओ प्रयागराज ने बाबू को निलंबित कर दिया है। साथ ही कार्यालय में दलालों की दखलंदाजी पर एआरटीओ से स्पष्टीकरण मांगते हुए जांच बैठाल दिया है। छापेमाारी के दौरान परिसर से पकड़े गए चार दलालों के खिलाफ सदर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया था। कार्रवाई के बाद परिवहन विभाग में जिम्मेदारों की भूमिका को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
एआरटीओ कार्यालय में चार सितंबर को एडीएम और एएसपी ने 24 पुलिसकर्मियों के साथ छापा मारा था। अधिकारियों के पहुंचते ही कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों और बाहरी लोगों में अफरातफरी मच गई थी। टीम ने अलग-अलग पटल की जांच के साथ ही कार्यालय में मौजूद लोगों के बारे में जानकारी जुटाई थी। कैश पटल की जांच में सरकारी धनराशि का मिलान कराया गया तो 7,900 रुपये कम मिले।
इस संबंध में कैश पटल पर तैनात बाबू शुभम सिंह से पूछताछ की गई, लेकिन वह रकम कम होने का स्पष्ट कारण नहीं बता सके। मामला सामने आने के बाद अधिकारियों ने इसकी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी थी। अब विभागीय स्तर पर कार्रवाई करते हुए शुभम सिंह को निलंबित कर दिया गया है। अब बाबू के निलंबन के साथ ही विभाग ने एआरटीओ प्रशासन के विरुद्ध भी जांच बैठाई है। जांच में कार्यालय की व्यवस्थाओं, दलालों की मौजूदगी और छापे के दौरान सामने आई अनियमितताओं में अधिकारियों की भूमिका की पड़ताल की जाएगी।
बोले जिम्मेदार
एडीएम व एएसपी द्वारा छापा मारने के बाद 7,900 रुपये कैश कम मिलने की जानकारी हुई थी। इसके बाद बाबू से कैश कम मिलने का स्पष्टीकरण मांगा था। लेकिन बाबू शुभम सिंह द्वारा स्पष्टीकरण नहीं दिया गया है। जिससे निलंबन की कार्रवाई की गयी है।
हिमेश तिवारी, आरटीओ प्रशासन प्रयागराज
