भांवरों पर दूल्हा बेहोश, दुल्हन का शादी से इन्कार
संवाद सहयोगी बिदकी भांवरों के दौरान दूल्हे के बेहोश होने पर दुल्हन ने शादी से इन्का
संवाद सहयोगी, बिदकी : भांवरों के दौरान दूल्हे के बेहोश होने पर दुल्हन ने शादी से इन्कार कर दिया। इस पर दोनों पक्षों में हाथापाई हो गई। शिकायत पर पुलिस ने दुल्हन के पिता और दूल्हे के भाई को हिरासत में ले लिया। बाद में सुलह-समझौते के आधार पर बरात लौटा दी गई।
बिदकी नगर के एक मोहल्ले में रहने वाले युवक की शादी कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में तय की गई थी। गुरुवार को धूमधाम से बरात पहुंची। द्वार-चार के बाद जयमाला की रस्म अदायगी हुई। शुक्रवार सुबह तीन बजे जब भांवरे शुरू हुई, तो दूल्हे को चक्कर आ गया और वह बेहोश गया। यह देख दोनों पक्षों में हड़कंप मच गया। दूल्हे को होश में लाया गया। इसके बाद जब भांवरे पूरी करने की तैयारी की गई तो दुल्हन बिफर गई और उसने शादी से इन्कार कर दिया। इसे लेकर दोनों पक्षों में बहस होने लगी। विवाद इतना बढ़ा कि मामला हाथापाई तक पहुंच गया। शिकायत पर पुलिस दुल्हन के पिता और दूल्हे के भाई को थाने ले आई। अन्य रिश्तेदारों ने थाने पर पहुंचकर सुलह-समझौता कराया और बरात को बैरंग लौटना पड़ा। दुल्हन के पिता ने बताया कि दूल्हे को कोई बीमारी है जो छिपाई गई। इसीलिए बेटी ने शादी से इन्कार किया है। वहीं दूल्हे के भाई का कहना है कि बीमारी का आरोप गलत है। कोतवाली प्रभारी तेज बहादुर सिंह चंदेल ने बताया सुलह समझौता कर बरात वापस कर दी गई।