कटौती पर बनी हाइब्रिड धान खरीदने की सहमति
धान बिक्री की समस्याओं के निराकरण के लिए बुधवार को भारतीय किसान यूनियन और जिला प्रशासन की संयुक्त बैठक कलेक्ट्रेट के गांधी सभागार में हुई।
जागरण संवाददाता, फतेहपुर: धान बिक्री की समस्याओं के निराकरण के लिए बुधवार को भारतीय किसान यूनियन और जिला प्रशासन की संयुक्त बैठक कलेक्ट्रेट के गांधी सभागार में हुई। वहां तय हुआ कि सभी 68 खरीद केंद्रों में 28 फरवरी तक मोटा व पतला धान खरीदा जाएगा। यूनियन ने हाइब्रिड धान की खरीद न होने का मुद्दा उठाया, जिसमें प्रशासन ने कटौती के आधार पर खरीद की सहमति दी। अब प्रति क्विटल पांच से आठ किलो कटौती पर हाइब्रिड धान खरीदा जाएगा, इसके लिए यूनियन ने भी सहमति दी।
भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजेश सिंह चौहान ने खरीद एजेंसियों और खरीद केंद्र प्रभारियों की कार्य शैली पर नाराजगी व्यक्त की। वे बोले कि केंद्रों में किसान से ज्यादा बिचौलियों को महत्व दिया जाता है। यह व्यवस्था सुधरनी चाहिए। डीएम संजीव सिंह ने कहा कि केंद्र से कोई किसान नहीं लौटाया जाए यह निर्देश पूर्व में दिए थे। फिर भी अगर कोई केंद्र प्रभारी गड़बड़ी करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। यूनियन की तरफ से जिला अध्यक्ष ने नमी के नाम पर अधिक धान कटौती की शिकायत की गयी। एडीएम पप्पू गुप्ता ने जवाब दिया कि अगर धान में 17 फीसद तक नमी है तो एक दाने की कटौती नहीं की जाती है। अगर धान में इससे अधिक नमी है तो कटौती करनी मजबूरी है। इस मौके पर किसानों ने बिजली, सड़क, पानी, अवैध कब्जों की समस्याओं को भी उठाया। डीएम ने भरोसा दिया कि हर समस्या व प्रकरण को सूचीबद्ध किया गया है इनका निस्तारण भी प्राथमिकता पर कराया जाएगा। इस मौके पर भाकियू जिला अध्यक्ष राजकुमार गौतम, प्रीतम सिंह, सुरेंद्र पटेल, राजेंद्र सिंह व उप जिला अधिकारी, अपर उप जिला अधिकारी, डिप्टी आरएमओ आदि मौजूद रहे।