भाजपा सत्ता का दुरुपयोग कर कांग्रेसियों का कर रही दमन
जागरण संवाददाता फतेहपुर कोरोना वायरस से प्रभावितों की मदद को आगे आने वाले प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू की गिरफ्तारी के विरोध में जिला कांग्रेस कार्यालय में अध्यक्ष अखिलेश पाण्डेय की अगुवाई में सरकार को कटघरे में खड़ा किया गया।
जागरण संवाददाता, फतेहपुर : कोरोना वायरस से प्रभावितों की मदद को आगे आने वाले प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू की गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेस कार्यालय में अध्यक्ष अखिलेश पाण्डेय ने प्रदेश सरकार को कटघरे में खड़ा किया। जिलाध्यक्ष के अलावा शहर अध्यक्ष मोहसिन खान, सुधाकर अवस्थी, संतोष कुमारी शुक्ला ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार सत्ता का दुरुपयोग कर कांग्रेसियों का दमन करने पर उतारू है। पैदल चल रहे प्रवासियों के लिए उनके घर पहुंचाने के लिए 1000 बसें लगाना क्या गुनाह था। प्रदेश अध्यक्ष सहित कांग्रेस के नेताओं को जेल में ठूंस दिया गया। सहयोग और सेवा को समझने और अनुमोदित करने के बजाए राजनैतिक दुर्भावना से प्रेरित होकर शक्ति का दुरुपयोग किया गया है। संगठन की मांग है कि प्रदेश अध्यक्ष सहित नेताओं की जल्द रिहाई की जाए।
पार्टी कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के बाद कांग्रेसियों ने एक ज्ञापन राष्ट्रपति को भेजा, जिसमें गिनाया कि कांग्रेस ने जिम्मेदार विपक्ष की भूमिका निभाई है। उत्तर प्रदेश में पार्टी 90 लाख लोगों तक खाना पहुंचाया है। 22 जिलों में रसोईघर संचालित किए जा रहे हैं। इसमें कार्यकर्ता जान की परवाह न करके अथक परिश्रम कर रहे हैं। उल्टा प्रदेश सरकार कांग्रेसियों को जेल में भेज रही है।