आनंद कुमार मिश्र को मिलेगा राज्य शिक्षक पुरस्कार शैक्षिक नवाचारों से बदला मलूकपुर स्कूल
सहायक अध्यापक आनंद कुमार मिश्र को शैक्षिक नवाचारों और समर्पण के लिए राज्य शिक्षक पुरस्कार मिलेगा। उन्होंने मलूकपुर प्राथमिक विद्यालय ...और पढ़ें

आनंद कुमार।
HighLights
सहायक अध्यापक आनंद कुमार मिश्र को राज्य शिक्षक पुरस्कार
मलूकपुर विद्यालय में शैक्षिक नवाचारों और समर्पण के लिए
बायोमेट्रिक उपस्थिति, बाल संसद जैसे सुधारों से नामांकन बढ़ा
संवाद सहयोगी, खागा(फतेहपुर)। ऐरायां ब्लाक के मलूकपुर गांव स्थित परिषदीय प्राथमिक स्कूल के सहायक अध्यापक आनंद कुमार मिश्र का चयन राज्य शिक्षक पुरस्कार के लिए होने पर साथी शिक्षकों, शुभचिंतकों व विभागीय अधिकारी, कर्मचारियों ने खुशी जताई है। शैक्षिक नवाचार व शिक्षा के प्रति समर्पण की भावना ने उन्हें सम्मान का हकदार बनाया।
नगर के रामनगर मुहल्ले में रहने वाले सहायक अध्यापक आनंद कुमार मिश्र की नियुक्ति अप्रैल 2018 में ऐरायां ब्लाक के मलूकपुर गांव स्थित प्राथमिक पाठशाला में हुई। नियुक्ति के बाद से इन्होंने विद्यालय में स्वानुशासन, समर्पण, शैक्षिक शोध समेत कई नवाचार किए। जिससे मलूकपुर प्राइमरी स्कूल अन्य विद्यालयों से अलग बन पाया।
आनंद कुमार मिश्र की तैनाती के समय तत्कालीन प्रधानाध्यापक अंबिका प्रसाद मिश्र तथा बच्चों के साथ मिलकर उन्हाेंने सबसे पहले स्कूल के परिवेश को हरा-भरा बनाने के लिए एक सैकड़ा पौधों का रोपण किया। बाल संसद गठित कर बच्चों को विभिन्न समितियों का अध्यक्ष व सदस्य बनाते हुए उनके माध्यम से शिक्षा में सुधारात्मक कार्यों का सृजन कराया।
एक जनवरी 2019 से विद्यालय में आपसी सहयोग से मंगवाई गई बायोमेट्रिक टूल से सभी शिक्षकों की उपस्थिति शुरू कराई। तत्कालीन जिलाधिकारी आंजनेय कुमार सिंह ने टूल का उद्घाटन किया। सहायक निदेशक बेसिक रमेश तिवारी ने भी विद्यालय आकर बायोमैट्रिक टूल देखने के साथ बच्चों से संवाद किया। यहां पर बच्चों की तरह ही शिक्षकों का भी अपना ड्रेस कोड है।
आनंद कुमार मिश्र ने पावर आफ प्रोनन्नसीएशन, जनरल स्टडी टीचिंग, जल है तो कल है, माई प्लांट माई लाइफ, शिक्षा और समाज, नाउ आर नेवर, रीड एंड रिसीव जैसे नवाचार लागू कर बच्चों में न केवल शैक्षिक बल्कि पर्यावरणीय व सांस्कृतिक जागरूकता पैदा की। पीओपी व जीएसटी जैसे शोध को सेज पब्लिकेशन व एनसीइआरटी जैसे अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त संस्थाओं ने अपने जर्नल में प्रकाशित किए हैं।
सहायक अध्यापक आनंद कुमार मिश्र ने कोरोनाकाल में बच्चों एवं शिक्षकों से बाल कहानियां लिखाकर एक बाल कहानी संग्रह बोलता बचपन तैयार कर दिया। राजभवन में बाल कहानी संग्रह बोलता बचपन के विमोचन में वह बच्चों के साथ राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से मिले। जहां पर राज्यपाल ने उनकी प्रशंसा की। प्रमुख सचिव मुकेश मेश्राम ने उन्हें एडूलीडर्स यूपी अवार्ड से सम्मानित किया। लोकभवन में मुख्य सचिव से आनंद ने अपने स्कूल के बच्चों संग मुलाकात की।
लगातार बढ़ा बच्चों का नामांकन
- मार्च-अप्रैल 2018- 60
- सितंबर 2018- 107
- सितंबर 2019- 201
- सितंबर 2020- 223
- सितंबर 2021- 225
अनुशासन, अनुसंधान व समर्पण से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। मुझे समस्या की बजाए समाधान का हिस्सा बनना पसंद है। हमारी शिक्षक टीम अपने बच्चों के प्रति समर्पित है। बच्चों की सर्वांगीण प्रगति ही हम सभी का एकमात्र ध्येय है।
- आनंद कुमार मिश्र, सहायक अध्यापक प्राथमिक विद्यालय मलूकपुर
