सीमांचल एक्सप्रेस में स्लीपर कोच की इमरजेंसी खिड़की से गिरा 9 महीने का मासूम, पुलिस ने शुरू की तलाश
आनंदविहार से बिहार जा रही सीमांचल एक्सप्रेस से फतेहपुर के फैजुल्लापुर स्टेशन के पास एक नौ माह का बच्चा इमरजेंसी खिड़की से गिर गया।

कानपुर-प्रयागराज के मध्य रेलवे ट्रैक पर गिरा मासूम बच्चा और ट्रेन की प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
सीमांचल एक्सप्रेस से नौ माह का बच्चा इमरजेंसी खिड़की से गिरा।
फतेहपुर के फैजुल्लापुर स्टेशन के पास हुई यह घटना।
प्रयागराज जीआरपी पुलिस बच्चे की तलाश में जुटी हुई है।
जागरण संवाददाता, फतेहपुर। आनंदविहार से बिहार जा रही सीमांचल एक्सप्रेस के कोच की इमजरेंसी खिड़की से शुक्रवार देर शाम आठ बजे के करीब एक नौ माह का मासूम बच्चा थरियांव थाने के फैजुल्लापुर स्टेशन के समीप गिर गया।
ट्रेन प्रयागराज पहुंची तो बच्चा गुम होने पर दंपती ने प्रयागराज जीआरपी में शिकायत दर्ज कराई। सूचना मिलने पर जीआरपी पुलिस रेलवे ट्रैक पर बच्चे को ढूंढने में जुटी हुई है। उधर कुछ लोगों के बीच बच्चा चोरी होने की भी चर्चा रही। हालांकि पुलिस इससे इनकार करती रही।
दिल्ली के पालमगांव के सितापुरी में रहने वाले मोहन कुमार अपनी पत्नी काजल व नौ माह के बच्चे के साथ आनंदविहार दिल्ली से सीमांचल एक्सप्रेस के एस-1 के सीट नंबर 61 में सवार होकर बिहार जा रहे थे, जो बिहार के खगड़िया जिले के रहने वाले हैं।
पुलिस ने शुरू की बच्चे की तलाश
सफर के दौरान कानपुर व प्रयागराज के मध्य कहीं बच्चा इमरजेंसी खिड़की से ट्रैक पर गिर गया। प्रयागराज पहुंचते ही पीड़ित पिता मोहन ने जीआरपी पुलिस को सूचना दी।
पीड़ित पिता ने जरिए मोबाइल जीआरपी को सूचना दिया कि उनका बच्चा थरियांव थाने के फैजुल्लापुर स्टेशन के पास गिरा है। एसओ विनोद कुमार बताया कि बच्चे के पिता की कॉल आने पर सेक्शन सीमा पर बच्चे को ढूंढा जा रहा है, सीसीटीवी कैमरे के फुटेज भी देखे जा रहे हैं। कनवार से प्रेमपुर तक के रेलवे ट्रैक पर जीआरपी लगी हुई है लेकिन अभी तक बच्चा नहीं मिला है।
