विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सीमांचल एक्सप्रेस के स्लीपर कोच की इमरजेंसी खिड़की से गिरा 9 माह का बच्चा, 18 घंटे से दिल्ली-हावड़ा ट्रैक किनारे खोजबीन जारी

Published: Sat, 12 Sep 2026 02:39 PM (IST)

दिल्ली-हावड़ा रेलमार्ग पर फैजुल्लापुर के पास सीमांचल एक्सप्रेस की इमरजेंसी खिड़की से नौ माह का बच्चा गिर गया। जीआरपी 18 ...और पढ़ें

यही बच्चा सीमांचल एक्सप्रेस से गिरा है। स्वजन

यही बच्चा सीमांचल एक्सप्रेस से गिरा है। स्वजन

HighLights

  1. नौ माह का बच्चा सीमांचल एक्सप्रेस से गिरा

  2. दिल्ली-हावड़ा रेलमार्ग पर फैजुल्लापुर के पास घटना

  3. जीआरपी द्वारा 18 घंटे से बच्चे की तलाश जारी

जागरण संवाददाता, फतेहपुर। दिल्ली के आनंद विहार से बिहार जा रही सीमांचल एक्सप्रेस के कोच की इमरजेंसी खिड़की से एक नौ माह का बच्चा गिर गया। शुक्रवार देर शाम आठ बजे बच्चा दिल्ली-हावड़ा रेलमार्ग के फैजुल्लापुर स्टेशन के समीप गिरा। ट्रेन प्रयागराज पहुंचने पर बच्चे को नहीं पाकर दंपती ने जीआरपी में शिकायत दर्ज कराई। अब जीआरपी करीब 18 घंटे से ट्रैक पर बच्चे को तलाश रही है। वहीं लोगों ने बच्चा चोरी की आशंका जताई।

दिल्ली के पालमगांव निवासी मोहन कुमार अपनी पत्नी काजल व नौ माह के बच्चे के साथ सीमांचल एक्सप्रेस के एस-1 कोच के सीट नंबर 61 में यात्रा कर रहे थे। उन्होंने बताया कि वह मूलरूप से बिहार के खगड़िया जिले के रहने वाले हैं। सफर के दौरान कानपुर व प्रयागराज के मध्य बच्चा इमरजेंसी खिड़की से ट्रैक पर गिर गया। प्रयागराज पहुंचने उन्होंने जीआरपी को घटना बताई।
एसओ विनोद कुमार ने बताया कि बच्चे के पिता की काल आने पर सेक्शन सीमा पर तलाश की जा रही है। सीसीटीवी कैमरे के फुटेज भी देखे जा रहे हैं। कनवार से प्रेमपुर तक के रेलवे ट्रैक पर जीआरपी की टीम लगी है, लेकिन अभी तक बच्चा नहीं मिला है। एसपी रेलवे प्रयागराज प्रशांत कुमार ने बताया कि महिला जिस सीट पर बैठी थी, इमरजेंसी खिड़की वहीं पर थी। किस तरह खिड़की खुली और बच्चा कैसे नीचे गिरा, इसकी जांच की जा रही है।

सिराथू तक खोजबीन

थरियांव थाने के फैजुल्लापुर के समीप रात भर सर्च अभियान चला। इसके बाद शनिवार सुबह खागा से सिराथू का खोजबीन शुरू कर दी गई है लेकिन 18 घंटे के सर्च अभियान के बाद भी मासूम नहीं मिला। फतेहपुर जीआरपी फतेहपुर से खागा तक रात भर रेलवे ट्रैक पर सर्च अभियान चलाती रही लेकिन मासूम नहीं मिला। एसओ विनोद कुमार ने बताया कि अनुमान है कि बच्चा खागा से सिराथू के मध्य कहीं गिरा है जिस पर शनिवार को सिराथू तक खोजबीन की जा रही है, आस पास लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज भी देखे जा रहे हैं।