चार दिन में लगेंगे 49.54 लाख पौधे, तैयारी पूरी
पौधारोपण अभियान पांच जुलाई से
चार दिन में लगेंगे 49.54 लाख पौधे, तैयारी पूरी
जागरण संवाददाता, फतेहपुर : पांच जुलाई से लगातार तीन दिन और 15 अगस्त की तारीख हरियाली के नाम रहेगी। अभियान चलाकर चार दिन में 49.54 लाख पौधा लगाने की तैयारी प्रशासन ने किया है। अभियान पर नजर रखने के लिए शासन ने नोडल अधिकारी नामित किया है जो सोमवार को जिले में आ जाएंगे। पहले दिन सर्वाधिक लक्ष्य का 71 प्रतिशत यानी 35.17 लाख पौधा लगाया जाना है। विभागों के मांगपत्र पर वन विभाग जिले के 26 स्थानों से पौधों का वितरण शुरू कर दिया है, अब तक 27 लाख पौधों का नर्सरियों से उठान हो गया है।
तीन दिनी पौधारोपण अभियान की सफलता के लिए वन विभाग दिन भर रणनीति तय करता रहा है। रोपण के लिए विभागों को निश्शुल्क पौधा उपलब्ध कराने के लिए विभाग ने 26 नर्सरियों में 60 लाख से अधिक पौधा तैयार किए हैं। पौधारोपण अभियान में वन विभाग, नगर विकास, पंचायतीराज, बेसिक, माध्यमिक व उच्च शिक्षा, राजस्व विभाग स्वास्थ्य विभाग समेत 22 विभागों को लगाया गया है। सभी विभागों को लक्ष्य के अनुसार वन विभाग निश्शुल्क पौधा उपलब्ध करा रहा है। प्रभागीय निदेशक वन रामानुज त्रिपाठी ने बताया कि पांच जुलाई से लगातार तीन दिन सात जुलाई तक पौधा रोपित किए जाने है। कहा कि वर्षा हो जाने से पौधारोपण का बेहतर समय है, विभागों को मांग के अनुसार फलदार समेत अन्य पौधा दिए जा रहे हैं।
जानें, कब लगेंगे कितने पौधे
पांच जुलाई - 35.17 लाख
छह जुलाई - 3.71 लाख
सात जुलाई - 3.71 लाख
15 अगस्त - 6.93 लाख
कुल योग - 49.54 लाख