फतेहपुर में बड़ा हादसा, देवी मां का पंडाल खोलते समय करंट लगने से 3 युवकों की मौत
फतेहपुर में देवी पंडाल और साउंड सर्विस के काम के बाद बिजली के तार खोलते समय तीन युवकों की करंट ...और पढ़ें

HighLights
फतेहपुर में बिजली के तार से तीन युवकों की मौत
देवी पंडाल और साउंड सर्विस के काम के बाद हादसा
खागा, ललौली, हुसेनगंज क्षेत्रों में हुई दुखद घटनाएं
संवाद सहयोगी, खागा/ ललौली (फतेहपुर)। खागा कोतवाली क्षेत्र के कस्बा सोहन और ललौली थाने के पल्टूपुरवा और हुसेनगंज थाने के उबीपुर गांव में तीन युवकों की मौत हो गई। दो जगहों में सजे पंडाल को सजाने के लिए लगाए गए बिजली के तारों को खोलने के चलते दो युवकों की चपेट में आने से मौत हो गई। जबकि हुसेनगंज के उबीपुर गांव के समीप साउंड सर्विस के वाहन में सवार युवक की हाईटेंशन लाइन का करंट की मौत हो गई। सूचना मिलते ही देवी की भक्ति में डूबे परिवारों के घरों की खुशियां मातम में बदल गईं।
कस्बा सोहन गांव के रहने वाले असीम सलमानी किसान हैं। इनका 25 वर्षीय पुत्र फैसल सलमानी, म्यूजिक सिस्टम व लाइट डेकोरेशन का काम करता है। भाई सद्दाम ने बताया कि गांव में सजे देवी पंडाल में फैसल ने म्यूजिक सिस्टम लगाया हुआ था। देर रात सजावट में लगी झालर व म्यूजिक सिस्टम खोलते समय भाई फैसल सलमानी, करंट की चपेट में आने से गंभीर झुलस गया।
आनन-फानन में रात 11 बजे करीब उसे भाई, पिता व मुहल्ले के लोग, गंभीर हालत में सीएचसी लेकर आए। जहां परीक्षण उपरांत चिकित्सीय टीम ने उसे मृत घोषित कर दिया। दिवंगत के पिता, भाई व मां फातिमा का रो-रोकर बुरा हाल है। कोतवाली प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि घटना की सूचना प्राप्त हुई है। जांचोपरांत आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
उधर ललौली थाने के पल्टूपुरवा गांव में सजे दरबार में लाइटिंग के लिए बिछाए गए तारों को खोलते समय 14 वर्षीय अमन पुत्र सौखीलाल निषाद करंट की चपेट में आ गया। दिवंगत इंटर मीडिएट की पढ़ाई करता था। मौत से लोग बेहाल हो उठे। थानाध्यक्ष ललौली दिवाकर सिंह ने बताया कि तार खोलते समय युवक की मौत हुई है। अभी तक तहरीर नहीं दी गई है।
तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।उधर हुसेनगंज थाने के नौगांव से रामपुर के रास्ते प्रतिमाओं को गंगाघाट रामचंद्रन घाट ले जाया जा रहा था। उबीपुर गांव के समीप साउंड सर्विस के डिब्बों में बैठे तीन युवकों को करंट लग गया। उप निरीक्षक प्रखर सिंह ने बताया कि हादसे में 40 वर्षीय पुत्तन सिंह निवासी रामपुर पिलही की मौत हो गई है अन्य दोनों घायलों की स्थिति सामान्य है।
