संदिग्ध हालात में महिला की मौत, ससुरालीजन फरार
संदिग्ध हालत में गुरुवार को महिला की मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे मायके के लोगों ने मार डालने का आरोप लगाकर दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई। मौके से आरोपित खिसक गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
संवाद सूत्र, मोहम्मदाबाद : संदिग्ध हालत में गुरुवार को महिला की मौत हो गई। मायकेपक्ष के लोगों ने मार डालने का आरोप लगाकर दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई। मौके से आरोपित खिसक गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गांव नंदसा निवासी 22 वर्षीय प्रियंका की बुधवार शाम संदिग्ध हालात में मौत हो गई। अमित बाथम ने पत्नी की मौत की सूचना ससुर राजू बाथम को दी। पंजाब के भटिडा में रह रहे राजू बाथम ने अपने भाई महेश और प्रियंका की मौसी को मौके पर भेजा। महेश ने ससुरालीजनों पर दहेज न मिलने पर भतीजी को मार डालने का आरोप लगाया। मायकेपक्ष के लोगों के हंगामा करने से मृतका प्रियंका के पति, ससुर रामनारायन, जेठ धनीराम आदि ससुरालीजन मौके से फरार हो गए। गुरुवार को मुड़गांव निवासी प्रियंका के नाना सोनपाल ने अमित, धनीराम, जेठानी रेनू, ससुर के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट में कहा कि आरोपितों ने दहेज की मांग पूरी न होने पर प्रियंका की गला दबाकर हत्या कर दी। प्रियंका दो माह की गर्भवती थी। तहसीलदार और पुलिस ने मौके पर आकर जांच की। कन्नौज जिले के गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र के किसवापुर निवासी राजू बाथम ने 25 जून 2019 को प्रियंका की शादी की थी।