विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अभिधम्म दिवस महोत्सव में पहुंचे केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू, कहा- संकिशा के विकास के लिए करेंगे प्रयास

Published: Tue, 27 Oct 2026 05:36 PM (IST)

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने संकिशा में भगवान बुद्ध की पूजा कर ध्वस्त हो रहे धार्मिक स्थल का निरीक्षण किया। ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. किरेन रिजिजू ने संकिशा में भगवान बुद्ध की पूजा की

  2. उन्होंने संकिशा को बौद्ध सर्किट से जोड़ने का आश्वासन दिया

  3. पर्यटकों के लिए मूलभूत सुविधाएं विकसित करने पर जोर दिया

संवाद सूत्र, संकिशा (फर्रुखाबाद)। केंद्रीय कैबिनेट के संसदीय एवं अल्पसंख्यक मंत्री किरेन रिजिजू ने मंगलवार दोपहर दो बजे धार्मिक स्थल पर भगवान बुद्ध की पूजा वंदना की। उन्होंने धार्मिक स्थल पर बने परिपथ के चारों और परिक्रमा कर ध्वस्त हो रहे धार्मिक स्थल को देखा। आयोजक सुरेश बौद्ध ने मंत्री को बताया कि बौद्ध स्थल पर पुरातत्व विभाग की उदासीनता के चलते यह स्थिति हो गई है।

करीब दस मिनट पूजा वंदना के बाद मंत्री जनपद मैनपुरी के राजघाट स्थित वाईबीएस सेंटर पर हो रहे अभिधम्म दिवस महोत्सव में पहुंचे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि संकिशा में पर्यटकों के लिए अभी तक जो सुविधा होनी चाहिए वह नहीं हुई हैं।

वह भारत सरकार एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री से बात करके पर्यटकों के लिए मूलभूत सुविधाओं और संकिशा को बौद्ध सर्किट में जोड़ने के लिए प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि जब वह विदेश में बुद्ध स्थल के अवशेष लेकर जाते हैं तो लोग रोते हुए यहां की मिट्टी चूमते हैं। आप लोग खुशकिस्मत हैं जो संकिसा जैसे पवित्र स्थल पर रहते हैं। बौद्ध धर्म को मानने वाले किसी भी धर्म पर गलत टिप्पणी नहीं कर सकते है।

पहली बार किसी बुद्धिस्ट को कैबिनेट मंत्री के रूप में काम करने का मौका मिला है। बौद्ध धर्म किसी एक जाति समुदाय का नहीं है, जो लोग शांति और करुणा में विश्वास करते हैं वही बौद्ध धर्म है। मैं बौद्ध के साथ भारतीय हूं।

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष खरगे द्वारा प्रधानमंत्री के खिलाफ टिप्पणी के सवाल पर उन्होंने कहा कि वह खरगे को बहुत ही भद्र पुरुष समझते थे, अब उनमें और राहुल गांधी में कोई अंतर नहीं रह गया है। रही बात लोकतंत्र की तो वह आज भी है, कुछ गिने चुने परिवारों को लोकतंत्र खतरे में दिखाई पड़ रहा है।