तुलसी विवाह शोभायात्रा में श्रद्धा-भक्ति की फुहार
जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद : ठाकुरजी महाराज व तुलसी महारानी विवाह की शोभायात्रा में श्रद्धा
जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद : ठाकुरजी महाराज व तुलसी महारानी विवाह की शोभायात्रा में श्रद्धा-भक्ति की जमकर फुहार बरसी। पालकी को कंधे पर उठाने की होड़ मची रही। बैंड बाजे व डीजे की धुन पर श्रद्धालु झूमते हुए चले। कई स्थानों पर शोभायात्रा का स्वागत कर आरती उतारी गई। यात्रा में शामिल झांकियों ने मन मोहा।
शहर के मोहल्ला दिल्ली ख्याली कूंचा स्थित दुर्गा देवी मंदिर से शुरू हुई शोभायात्रा आगे बढ़ी। मोहल्ला गुदड़ी, नाला फिदाई खां, नाला मछरट्टा, लोहाई रोड, चौक, किराना बाजार, पक्केपुल पर यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। पुष्प वर्षा कर आरती उतारी गई। फूल-मालाओं से सजी पालकी में सालिगराम महाराज व तुलसी माता विराजमान थीं। झांकी में भी ठाकुरजी व तुलसी मइया के भव्य स्वरूप सजे थे। डीजे व बैंड से भजनों की सुर-सरिता बहती रही। शोभायात्रा वापस पहुंचने पर विवाह संपन्न कराया गया। भंडारे में प्रसाद वितरण किया गया। बेबी मिश्रा, नीता चतुर्वेदी, गिरजा, रामकिशन, विवेक, स्वागत मिश्र, शिवांगी, गौरव, शत्रुघ्न व ऋचा मिश्रा आदि मौजूद रहीं।