विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रक्षाबंधन से पहले कायमगंज में मुनीम से 8.55 लाख लूटे, तमंचे की बट मारकर घायल

Published: Fri, 28 Aug 2026 03:27 PM (GMT+05:30)

कायमगंज में तंबाकू कंपनी के मुनीम से बाइक सवार बदमाशों ने तमंचे की बट मारकर 8.55 लाख रुपये लूट लिए। ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. मुनीम से 8.55 लाख रुपये की लूट हुई।

  2. बदमाशों ने तमंचे की बट मारकर मुनीम को घायल किया।

  3. रक्षाबंधन के लिए कर्मचारियों का वेतन लूटा गया।

संवाद सहयोगी, कायमगंज (फर्रुखाबाद)। रक्षाबंधन के मद्देनजर कर्मचारियों को वेतन बांटने के लिए तंबाकू कंपनी से रुपये लेकर गोदाम जा रहे मुनीम को बाइक सवार बदमाशों ने तमंचे की बट मारकर घायल कर दिया और रुपयों से भरा झोला लूट ले गए। झोले में 8.55 लाख रुपये बताए गए हैं। गुरुवार सरेशाम करीब सात हुई इस घटना से सनसनी फैल गई।

पुलिस अधिकारियों ने मुनीम को साथ लेकर बदमाशों की तलाश शुरू की। सीसीटीवी फुटेज में एक बाइक पर चार बदमाश जाते दिखाई दे रहे हैं। मौके पर पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह ने कहा कि जल्द ही घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।


मुहल्ला काजम खां तलैया निवासी 50 वर्षीय पंकज शर्मा बड़े तंबाकू कारोबारी सत्यप्रकाश अग्रवाल की फर्म नारायण टुबैको कंपनी में मुनीम हैं। गुरुवार शाम करीब 6:45 बजे वह रेलवे रोड स्थित कंपनी के कार्यालय से झोले में करीब 8.55 लाख रुपये लेकर स्कूटर से कंपिल बाईपास पर लालपुर मार्ग पर स्थित तंबाकू गोदाम जा रहे थे। वहां उन्हें कर्मचारियों को त्योहार के मद्देनजर रुपये वितरित करने थे। जब वह करीब सात बजे गोदाम के पास पहुंचे थे कि एक बदमाश सड़क पर लेट गया।

इस पर मुनीम ने अपना स्कूटर रोक दिया। तभी पास में खड़े दो अन्य बदमाशों ने मुनीम से रुपयों भरा झोला छीनने का प्रयास किया। इस पर मुनीम बदमाशों से भिड़ गए। तभी एक बदमाश ने तमंचे की बट उनके मार दी। इससे मुनीम स्कूटर समेत सड़क पर गिर गए। इस बीच बदमाश पंकज शर्मा से रुपयों से भरा झोला लूटकर भाग गए।

स्कूटर से गिरने के कारण मुनीम के हाथ में फ्रैक्चर हो गया। मुनीम ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सरेशाम हुई लूट की घटना से सनसनी फैल गई और प्रभारी निरीक्षक विनोद कुुमार शुक्ला, क्षेत्राधिकारी कायमगंज अजय वर्मा ने पूछताछ कर पंकज शर्मा को साथ लेकर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी।

पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले तो एक कैमरे में दो बदमाश गोदाम के पास खड़े दिखते हैं और दूसरे कैमरे में एक बाइक पर चार बदमाश जाते दिखाई दे रहे हैं। अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह ने बताया कि रुपयों भरा झोला छीना गया है। जांच कर जल्द ही बदमाशों को पकड़ा जाएगा।