भारत में नारियों को मिला सर्वोच्च स्थान, देवी रूप में होती पूजा
फोटो संख्या - 20 --- आयोजन - ब्लॉक कार्यालय का जीर्णोद्धार उद्घाटन व मिशन शक्ति कार्यक्रम
फोटो संख्या - 20
---
आयोजन
- ब्लॉक कार्यालय का जीर्णोद्धार उद्घाटन व मिशन शक्ति कार्यक्रम
- सांसद, विधायक व समाजसेवी कार्यक्रम में हुए शामिल
संवाद सूत्र, मोहम्मदाबाद : क्षेत्र पंचायत कार्यालय भवन के जीर्णोद्धार के बाद शुभारंभ व मिशन शक्ति कार्यक्रम का आयोजन शुक्रवार को किया गया। इस दौरान मुख्य अतिथि सांसद मुकेश राजपूत ने कहा कि भारत में हमेशा नारियों को सर्वोच्च स्थान मिला है। शक्ति के रूप में मां दुर्गा व ज्ञान के रूप में मां सरस्वती की हम पूजा करते हैं। नारी की सुरक्षा, सम्मान व स्वावलंबन के लिए केंद्र व प्रदेश सरकार ने कई योजनाएं चलाई हैं। स्वयं सहायता समूह भी संचालित हैं।
सांसद मुकेश राजपूत, भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह राठौर, अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य, डॉ. अनुपम दुबे व ब्लॉक प्रमुख अमित दुबे ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह राठौर ने कहा कि भारतीय संस्कृति ने हमेशा महिलाओं को सम्मान दिया है। इसी कारण हम लोग सीताराम व राधाकृष्ण कहते हैं। सरकार ने महिलाओं को रसोई गैस कनेक्शन दिए हैं। सस्ते राशन की दुकानों के लिए स्वयं सहायता समूहों को चयनित किया जाएगा। अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य ने कहा कि नारी शक्ति ने देश को आजाद कराने के लिए तलवार चलाई है। डॉ. अनुपम दुबे ने कहा कि हमें नारियों का सम्मान करना चाहिए। नारियों पर अगर कहीं अत्याचार होता है तो डटकर मुकाबला करना चाहिए। नारियां निडर व स्वावलंबी बनें। अतिथियों ने नव ज्योति स्वयं सहायता समूह द्वारा बनाए गए गोबर के दीपकों की सराहना कर उन्हें खरीदा। ब्लॉक प्रमुख अमित दुबे 'बब्बन' ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया। खंड विकास अधिकारी राजबहादुर, सीओ मोहम्मदाबाद व ब्लॉक कर्मचारी मौजूद रहे। इससे पूर्व भोजपुर विधायक ने थाने में महिला डेस्क का फीता काटकर शुभारंभ किया।