महिला की हत्या कर शव तालाब में फेंका, सनसनी
जागरण संवाददाता फर्रुखाबाद घर से लापता हुई महिला की हत्या कर शव तालाब में फेंक दिया
जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद : घर से लापता हुई महिला की हत्या कर शव तालाब में फेंक दिया गया। मामले में मृतका के पिता ने पति व उसकी सास के खिलाफ दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगा मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने पति को हिरासत में ले लिया।
मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के गांव ढिलावल निवासी रवी सिंह चौहान मकानों में पुताई का काम करते हैं। उनकी पत्नी गोल्डी (28) रविवार तड़के घर से लापता हो गई। मामले में रवी ने गुमशुदगी की सूचना दी थी। सूचना मिलते ही जनपद हरदोई थाना शाहाबाद के गांव हैदरपुर निवासी गोल्डी के पिता देवेंद्र सिंह सोमवंशी, मां नन्हीं बिटिया व अन्य परिजन भी आ गए। रात भर गोल्डी की तलाश होती रही। सोमवार सुबह मकान से सटे तालाब में गोल्डी का शव मिला। परिजनों ने शव को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही सीओ सिटी रामलखन सरोज व थाना प्रभारी पहुंच गए। पिता देवेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि पुत्री को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था। ससुरालियों ने उसकी हत्या कर शव तालाब में डाल दिया। गोल्डी के सिर में चोट लगी है। एएसपी त्रिभुवन सिंह ने भी परिजनों से पूछताछ की। रवी सिंह ने बताया कि उसकी पहली पत्नी प्रीती की मौत गई थी। तीन साल पहले उसने गोल्डी से शादी की। गोल्डी की पहली शादी शाहजहांपुर के गांव रामनगर में हुई थी जो कि टूट गई थी। गोल्डी के कोई संतान नहीं थी इससे वह मानसिक रुप से परेशान रहती थी। थाना प्रभारी विनय प्रकाश राय ने बताया कि महिला के पिता देवेंद्र ने पति रवी व सास गीतादेवी के खिलाफ दहेज के लिए हत्या करने का मुकदमा दर्ज कराया है। देर से आने पर चौकी प्रभारी की लगी क्लास
महिला का शव तालाब में मिलने की सूचना पर सीओ व थाना प्रभारी मौके पर पहुंच गए। मेडिकल कॉलेज चौकी प्रभारी रामलखन काफी देर बाद आए। इस पर थाना प्रभारी ने उनकी क्लास लगा दी। नायब तहसीलदार पवन गुप्ता को बुलाकर पंचायतनामा भरा गया। महिला कांस्टेबल के खिलाफ गैरहाजिरी की रिपोर्ट
महिला का शव बरामद होने पर थाने में तैनात महिला कांस्टेबल की तलाश की गई। वह अपने आवास से थाने आई ही नहीं थी। इस पर सीओ सिटी के आदेश पर उनके खिलाफ गैरहाजिरी की रिपोर्ट दर्ज की गई। सीओ ने महिला कांस्टेबल की वापसी न करने का आदेश थाना प्रभारी को दिया। मृत महिला के शव को सील करने में परिवार की महिलाओं की मदद ली गई।