प्रेम विवाह करने वाली युवती का शव फंदे पर लटका मिला
संवाद सूत्र कमालगंज छह माह पहले घर से भागकर प्रेमी के साथ विवाह करने वाली युवती का श
संवाद सूत्र, कमालगंज : छह माह पहले घर से भागकर प्रेमी के साथ विवाह करने वाली युवती का शव फंदे पर लटका मिला। इससे पहले उसका सास से किसी बात पर विवाद हो गया था। घटना के बाद सास फरार है, जबकि पति को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
मोहल्ला इंदिरा नगर निवासी राहुल उर्फ रामू बाल्मीकि की 22 वर्षीय पत्नी नेहा का गुरुवार को सास तारा देवी से विवाद हो गया था। उसके कुछ देर बाद उसका शव कमरे में दुपट्टे से फंदे पर लटका मिला। घटना की जानकारी पर थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने फंदे से शव नीचे उतरवाया। घटना के बाद सास तारा देवी फरार हो गईं। मौके पर मिले पति राहुल को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। राहुल ने बताया कि करीब छह माह पूर्व मोहल्ले की ही नेहा के साथ दिल्ली में प्रेम विवाह किया था तथा वहीं रह रहा था। होली पर अपने घर आया था। गुरुवार को वह किक्रेट खेलने चला गया था। मां से किसी बात पर कहासुनी हो गई और नेहा ने फांसी लगा ली। वहीं पुलिस ने मोहल्ले में रह रहे मृतका के परिजनों से संपर्क किया। उन लोगों ने कहा कि नेहा से कोई भी संबंध नहीं है। नागरिकों में चर्चा रही कि नेहा की शादी खुर्जा में हुई थी। पति को छोड़कर मायके में रह रही थी तथा छह माह पूर्व प्रेमी के साथ भागकर शादी कर ली थी। थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि जांच की जा रही है।