जीजीआइसी के टॉयलेट में गंदे पड़े मिले सेनेटरी नैपकिन
महिला व बालिकाओं के लिए चलाई जा रही योजनाओं की पड़ताल करने आई महिला अफसरों की टीम ने शनिवार को लोहिया महिला अस्पताल जीजीआईसी और पीडी महिला डिग्री कॉलेज का जायजा लिया। जीजीआईसी फतेहगढ़ के टॉयलेट में गंदे पड़े मिले सेनेटरी नैपकिन पैड देख उन्होंने नाराजगी जताई। चूल्हे पर भोजन बनता देख गैस-चूल्हा खरीदे जाने के निर्देश दिए।
जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद : महिला व बालिकाओं के लिए चलाई जा रही योजनाओं की पड़ताल करने आई महिला अफसरों की टीम ने शनिवार को लोहिया महिला अस्पताल, जीजीआईसी और पीडी महिला डिग्री कॉलेज का जायजा लिया। जीजीआईसी फतेहगढ़ के टॉयलेट में गंदे पड़े मिले सेनेटरी नैपकिन पैड देख उन्होंने नाराजगी जताई। चूल्हे पर भोजन बनता देख गैस-चूल्हा खरीदे जाने के निर्देश दिए।
आईएफएस अदिति शर्मा, पीसीएस दीपाली और पीपीएस रत्ना पांडेय लोहिया महिला अस्पताल पहुंचीं और ओपीडी में अभिलेख देखे। टीकाकरण की जानकारी की। समेकित बाल संरक्षण योजना के तहत शिशु स्वागत केंद्र की ओर से रखवाया गया झूला रखा देख निर्देश दिए कि झूले को ठीक स्थान पर रखवाएं। वार्ड में भर्ती महिला प्रसूताओं से जानकारी करने के बाद उनके हेल्थ रिपोर्ट कार्ड देखे। अफसरों ने कहा कि आशा प्रसूताओं को समय से अस्पताल नहीं लाती हैं। उन्होंने सीएमएस को निर्देश दिए कि आशाओं पर कड़ाई बरतें। इसके बाद महिला अफसर जीजीआईसी फतेहगढ़ पहुंचीं। यहां जूनियर विद्यालय के टॉयलेट में गंदे सेनेटरी नेपकिन पैड पड़े थे और काफी गंदगी भी थी। यह देख अफसरों ने प्रधानाचार्य मीना यादव से नाराजगी जताई। रसोईघर में भी काफी गंदगी थी। चूल्हा के आसपास नालियां बजबजा रही थीं। चूल्हा पर भोजन बनते देख अफसरों ने कहा कि गैस चूल्हे का कनेक्शन क्यों नहीं है। प्रधानाचार्या ने कहा कि बजट नहीं है। छात्राएं यह नहीं बता सकीं कि कौन-कौन से चैप्टर अब तक पढ़ाए गए। दो समाजशास्त्रियों के नाम भी छात्राएं नहीं बता पाईं। अफसरों ने कॉलेज के रजिस्टर भी बारीकी से देखे। आईएफएस अदिति शर्मा ने बताया कि कॉलेज की साफ-सफाई व मेंटीनेंस व्यवस्था बेहद खराब मिली। शिक्षिकाओं की भी कमी थी। पीडी महिला डिग्री कॉलेज में जांच के नाम पर खानापूरी करके टीम लौट गई। इस अवसर पर जहानगंज एसओ पूनम जादौन व विनीता सारथी आदि रहीं।