शंखनाद व श्रीराम के जयघोष के साथ नारायण द्वार का पूजन
श्रीराम विविध कला केंद्र की ओर से नेहरू रोड पर बनाए गए नारायण द्वार की शनिवार शाम शंखनाद व श्रीराम के जयघोष के साथ पूजा-अर्चना की गई। कला केंद्र के पदाधिकारियों ने रविवार को शहर में निकलने वाली शोभायात्रा को भव्य रूप देने की तैयारी पूरी कर ली है।
जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद : श्रीराम विविध कला केंद्र की ओर से नेहरू रोड पर बनाए गए नारायण द्वार की शनिवार शाम शंखनाद व श्रीराम के जयघोष के साथ पूजा-अर्चना की गई। कला केंद्र के पदाधिकारियों ने रविवार को शहर में निकलने वाली शोभायात्रा को भव्य रूप देने की तैयारी पूरी कर ली है।
रामनवमी पर निकलने वाली श्रीराम जन्मोत्सव शोभायात्रा के लिए नेहरू रोड पर नारायण द्वार व शंभूनाथ द्वार बनवाए गए हैं। शाम को कला केंद्र के संरक्षक अरुण प्रकाश तिवारी ददुआ, संस्थापक निर्देशक विजय दुबे मटरलाल, मंत्री अशोक वर्मा, किशन कन्हैया सक्सेना की अगुवाई में नारायण द्वार का पूजन किया गया। पं.शांति स्वरूप ने वेदमंत्रों के साथ पूजन संपन्न कराया। इस दौरान शंखनाद किया गया। ढोल की धुन पर जय श्रीराम का उद्घोष कर लोगों से शोभायात्रा में शामिल होने की अपील की गई। आदित्य दीक्षित, रामजी, संजीव अवस्थी डब्बू आदि मौजूद रहे। पदाधिकारियों ने बताया कि रेलवे रोड स्थित बीएस मेंशन में श्रीराम अभिषेक व पूजन के बाद शाम 5 बजे शोभायात्रा शुरू होगी।