विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

प्रधानमंत्री आवास योजना: तुरंत करा लें ये जरूरी काम, वरना खाते में नहीं आएगी दूसरी किस्त

Published: Tue, 15 Sep 2026 12:06 PM (IST)

प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत भवन निर्माण की दूसरी किस्त अब डीबीटी के माध्यम से आधार सीडेड बैंक खातों में ही मिलेगी।

प्रतीकात्मक तस्वीर

प्रतीकात्मक तस्वीर

HighLights

  1. पीएम आवास की दूसरी किस्त डीबीटी से मिलेगी।

  2. बैंक खाते को आधार से सीडेड कराना अनिवार्य है।

  3. फर्रुखाबाद में 90 पात्रों के खाते आधार से लिंक नहीं।

जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पात्रों को डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) से भवन निर्माण के लिए किस्त मिलेगी। इसके लिए पात्रों को बैंक खाता से आधार सीडेड कराना होगा।

तभी उनके खातों में आवास निर्माण के लिए दूसरी किस्त जाएगी। जिले में 90 पात्रों का बैंक खाता से आधार सीडेड नहीं हैं। उन्हें खाता से आधार सीडेड कराने के निर्देश दिए गए हैं।

नगर पालिका व नगर पंचायत क्षेत्र में जिन परिवारों के पास जमीन है, लेकिन आवास बनवाने के लिए आर्थिक स्थिति कमजोर है। ऐसे परिवारों को केंद्र सरकार प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर बनवाने के लिए तीन किस्तों में 2.50 लाख रुपये उपलब्ध कराती है।

इसके लिए जिला नगरीय विकास अभिकरण कार्यालय में ऑनलाइन आवेदन करना होता है। पात्र होने पर आवेदक को पहली और दूसरी किस्त एक-एक लाख रुपये और तीसरी 50 हजार रुपये मिलती है। प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए जनवरी से अभी तक आए आवेदनों के सत्यापन में 4514 आवेदक पात्र पाए गए।

इसमें से 4318 आवेदकों को प्रथम किस्त के एक लाख रुपये उनके बैंक खाता में भेजी गई। अब दूसरी किस्त बैंक खाता में भेजने की बजाए आधार से अटैच खाते में डीबीटी के माध्यम से भेजी जाएगी।

बैंक खाता आधार सीडेड होना जरूरी

ऐसे पात्रों की जांच की गई तो करीब 90 पात्र निकले, जिनके बैंक खाता आधार से सीडेड नहीं हैं। इन पात्राें को बैंक खाता से आधार सीडेड कराने के लिए जागरूक करने को नगर पालिका व नगर पंचायत कार्यालय में सूची भेजी गई है, ताकि शासन से दूसरी किस्त जारी होने पर पात्रों के खातों में रुपये पहुंच सके।

प्रभारी परियोजना निदेशक डूडा एसडीएम संजय कुमार ने बताया कि बैंक खाता आधार सीडेड होना बहुत जरूरी है। डीबीटी के माध्यम से किस्त खाते में भेजी जाएगी।

यह भी पढ़ें- यूपी में अब दो किस्तों में मिलेगी वृद्धावस्था पेंशन, लाभार्थियों के लिए नई व्यवस्था लागू