मोहल्लों में सज गयीं होलिका, आज किया जाएगा दहन
जागरण संवाददाता फर्रुखाबाद रंग पर्व होली की उमंग मंगलवार को पूरी तरह छा गई। टोला मोह
जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद : रंग पर्व होली की उमंग मंगलवार को पूरी तरह छा गई। टोला मोहल्ला में होलिका स्थल पर साफ सफाई कर तैयारियां हुईं। बुधवार रात विधि विधान से होलिका पूजन कर दहन किया जाएगा।
सनातन धर्म के चार प्रमुख पर्वों में खास होली को लेकर मंगलवार को हर ओर उल्लास छाया रहा। फर्रुखाबादी मन पूरी तरह होलियाना मूड में आ गया। मोहल्ले के युवा पूरे दिन होली का चंदा एकत्र कर रहे। शाम को होलिका स्थल पर तैयारियां शुरू कर दी गयीं। होलिका स्थल पर साज सज्जा भी खूब की गयी। होलिका पूजन के बाद अगले दिन रंग खेलने की भी पूरी तैयार है। खासकर बच्चों का उत्साह चरम पर है। होलिका स्थल पर लकड़ियों के साथ ही गाय के गोबर के उपलों की भी व्यवस्था की गयी। महिलाओं ने घरों पर होलिका पूजन की तैयारी की। बाजार में दिखाई दी रौनक
मंगलवार को बाजार में त्योहार की रौनक दिखाई दी। शहर के नेहरू रोड, रेलवे रोड, लोहाई रोड के अलावा फतेहगढ़ में कोतवाली रोड, चूड़ी वाली गली में सजे बाजार में लोगों की भारी भीड़ दिखाई दी। बच्चों और किशोरों की सर्वाधिक भीड़ पिचकारी और रंगों की दुकान पर थी। वहां बच्चों ने पसंद की पिचकारी खरीदी। कोई वाटरगन खरीद रहा था तो कोई टैंक वाली पिचकारी। बच्चों को कार्टून करेक्टर वाली पिचकारी भा रही थीं। होली पर जमेगा राजनीतिक रंग
यूं तो बाजार में होली पर स्वांग रचने के लिए कई तरह की सामग्री उपलब्ध हैं। इसमें रंगीन बालों वाली बिग, तरह-तरह के मुखौटों के अलावा टोपियां दुकानों पर सजी हैं। इस बार की होली चुनावी है तो बाजार ने भी इसकी पूरी तैयारी की है। इस वक्त दुकानों पर नीली, सपा-बसपा गठबंधन, प्रसपा और भाजपाई व कांग्रेसी टोपी भी उपलब्ध हैं।