विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान के लिए फतेहगढ़ में जोन-सेक्टर स्कीम लागू, शहर में बड़े वाहनों की नो एंट्री

Published: Mon, 23 Nov 2026 03:48 PM (IST)

पुलिस प्रशासन ने कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान के लिए फतेहगढ़ में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की है। इसके तहत जोन-सेक्टर स्कीम लागू की गई है और सोमवार शाम से बड़े वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा।    

गंगा स्नान के लिए घाट पर उमड़े श्रद्धालु। फाइल फोटो। (तस्वीर सोर्स- जागरण आर्काइव)

गंगा स्नान के लिए घाट पर उमड़े श्रद्धालु। फाइल फोटो। (तस्वीर सोर्स- जागरण आर्काइव)

जागरण संवाददाता, फतेहगढ़। कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम करते हुए जोन व सेक्टर स्कीम लागू की है।

इसके अलावा पुलिस फोर्स की ड्यूटी लगा दी गई है। वहीं सोमवार शाम से बड़े वाहनों को रोक दिया जाएगा। ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की दिक्कत न हो सके। फ्लड पीएसी जवान नाव से गश्त करेंगे।

कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान को देखते हुए चार जोन व 14 सेक्टर बनाए गए हैं। एक प्लाटून पीएसी, छह क्षेत्राधिकारी, 15 इंस्पेक्टर, 80 दारोगा, 550 दीवान व सिपाही, 90 महिला पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। चार फायर टेंडर, दो क्यूआरटी टीमों का भी गठन किया गया है।

यह फोर्स पांचालघाट, श्रंगीरामपुर और ढाईघाट पर मुस्तैद रहेगा। इसके अलावा संबंधित कोतवाली व थाना प्रभारी भी फोर्स के साथ मुस्तैद रहेंगे। गंगा में बैरीकेड्स लगाए जाएंगे। जिससे श्रद्धालु गहरे पानी में न जा सकें। एक जोनल टीम बनाई गई है।

वहीं सोमवार शाम छह बजे से मंगलवार शाम छह बजे तक हाईवे पर बड़े वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा। कानपुर-कन्नौज से आने वाले बड़े व माल वाहनों को गुरसहायगंज से डायवर्ट कर छिबरामऊ से होकर निकाला जाएगा। छिबरामऊ से आने वाले वाहनों को मैनपुरी के बेवर की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

मैनपुरी से आने वाले बड़े वाहनों को बेवर, जनपद एटा की ओर से आने वाले वाहनों को ब्राहिमपुर अलीगंज बार्डर पर खड़े कराए जाएंगे। शाहजहांपुर से आने वाले वाहनों को हुल्लापुर, ढाईघाट जाने वाले वाहनों को जरियनपुर में खड़े कराए जाएंगे।

हरदोई की ओर से आने वाले वाहनों को रूपापुर में खड़े कराए जाएंगे। अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह ने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा पर पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा रूट भी डायवर्ट किया गया है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।