विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फर्रुखाबाद में गेहूं के दाम 80 रुपये प्रति क्विंटल बढ़े, आटा पर भी महंगाई की मार, चेक करें ताजा दाम

Published: Sat, 05 Sep 2026 10:40 AM (IST)

फर्रुखाबाद में गेहूं के दाम में 80 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी हुई है, जिससे आटा भी महंगा हो गया ...और पढ़ें

लिंजीगंज बाजार में तौला जा रहा गेहूं। जागरण

लिंजीगंज बाजार में तौला जा रहा गेहूं। जागरण

जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद। दाल -चावल व शक्कर के बाद अब गेहूं के दामों में भी इजाफा होने लगा है। एक माह पहले सातनपुर मंडी में गेहूं 2620 रुपए प्रति क्विंटल था, जो बढ़कर 2690 से 2700 रुपए प्रति क्विंटल पहुंच गया है। इसका असर आटा पर भी पड़ा है।फुटकर में आटा 32 से 33 रुपये प्रति किलो बिक रहा है।

आढ़तियों का कहना है कि अभी दाम और भी बढ़ सकते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने गेहूं के निर्यात से रोक हटा दी, जिसके चलते गेहूं के दाम बढ़े हैं।

सातनपुर मंडी में गेहूं की आवक तीन से चार मोटर प्रतिदिन की होती है। एक माह पहले गेहूं का मूल्य 2600 से 2620 रुपये प्रति क्विंटल था, जो अब 2690 से 2700 रुपये प्रति क्विंटल पहुंच गया है।

गेहूं के दाम बढ़ने से बाजार में आटा के भाव में भी उछाल आया है। अभी तक थोक में 3000 रुपये क्विंटल बिकने वाला आटा 3100 रुपये क्विंटल पहुंच गया है। वहीं फुटकर में आटा 32 से 33 रुपये प्रति किलो बिक रहा है। सातनपुर मंडी में शनिवार को सन्नाटा पसरा था। एक-दो आढ़ती ही बैठे थे।

आढ़तियों का कहना था कि मंडी में तो गेहूं नाममात्र का ही आता है। ज्यादातर गेहूं तो पांचाल घाट, लिंजीगंज, मन्नीगंज व बीबीगंज आदि पर लगने वाली छोटी मंडियों में ही बिक जाता है। निर्यात पर प्रतिबंध हटने व उर्वरक, ईंधन व ढुलाई बढ़ने से गेहूं के दाम बढ़ रहे हैं।

सरकार ने गेहूं के निर्यात पर लगी सभी पुरानी शर्तों और प्रतिबंधों को तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दिया है। अभी तक विदेशों में गेहूं के निर्यात पर रोक थी। निर्यात के रोक हटने से गेहूं विदेशों में भी आपूर्ति होने लगा है। इस वजह से गेहूं के दाम बढ़े हैं। अभी दाम और बढ़ सकते हैं।

-संजीव गुप्ता, आढ़ती, सातनपुर मंडी फर्रुखाबाद।

 

करीब तीन वर्ष पहले रूस और यूक्रेन की लड़ाई को देखते हुए देश में बढ़ती महंगाई को रोकने और अपनी जरूरतें पूरी करने के लिए सरकार ने निर्यात पर रोक लगा दी थी। अब देश में अनाज का पर्याप्त स्टाक है। इस वजह से रोक हटा दी गई। इससे गेहूं के दाम बढ़ रहे हैं। इसका लाभ किसान भाइयों को भी मिलेगा।

-चंद्रशेखर, आढ़ती सातनपुर मंडी फर्रुखाबाद।

 

करीब 15 दिन पहले थोक में आटा 3000 रुपये क्विंटल था, जो अब 3100 रुपये प्रति क्विंटल हो गया है। फुटकर में आटा 32 से 33 रुपये प्रति किलो बिक रहा है। गेहूं महंगा होने से आटा के दाम बढ़े हैं। अभी दाम और भी बढ़ सकते हैं। दाम बढ़ने से आटा की मांग कुछ कम हुई है।

-शिवम गुप्ता, आटा विक्रेता।

यह भी पढ़ें- सहारनपुर 17 करोड़ की नकली करेंसी कांड का नेपाल कनेक्शन: आतंकी फंडिंग की आशंका, NIA की जांच तेज

यह भी पढ़ें- गोरखपुर में वारंट लेकर डाॅ. अय्यूब के अस्पताल पहुंची पुलिस, देर रात तक करती रही इंतजार