फर्रुखाबाद में रिटायर्ड नायब सूबेदार ने बेटे को मारी गोली, पकड़ने आए चौकी प्रभारी पर भी तानी रिवॉल्वर
फर्रुखाबाद में एक रिटायर्ड नायब सूबेदार ने अवैध संबंधों के विरोध पर अपनी पत्नी को पीटते हुए गोली चला दी, जो बीच-बचाव कर रहे सैनिक बेटे को लगी।

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
रिटायर्ड सूबेदार ने अवैध संबंधों पर बेटे को गोली मारी।
सैन्य अस्पताल में चौकी प्रभारी पर रिवॉल्वर तानकर धमकाया।
पुलिस ने आरोपी सूबेदार को गिरफ्तार कर रिवॉल्वर बरामद की।
जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद। अवैध संबंधों का विरोध करने पर पत्नी को पीट कर रिटायर्ड नायब सूबेदार ने लाइसेंसी रिवॉल्वर से गोली चला दी। गोली बीच-बचाव करने आए सैनिक पुत्र की जांघ में लगी। लहूलुहान हालत में वह सैन्य अस्पताल (मिलेट्री हॉस्पिटल) में पहुंचा।
पीछे से रिटायर्ड नायब सूबेदार भी वहां पहुंच गया। जानकारी होने पर पांचाल घाट चौकी प्रभारी रिटायर्ड नायब सूबेदार को पकड़ने लिए हॉस्पिटल पहुंच गए। वहां रिटायर्ड नायब सूबेदार ने चौकी प्रभारी को रिवॉल्वर तानकर दौड़ा लिया। जान बचाकर भागे चौकी प्रभारी ने सेना के एक कार्यालय में घुसकर जान बचाई। वहां पहुंचे अन्य पुलिस अधिकारियों ने किसी तरह से रिटायर्ड नायब सूबेदार को काबू में कर थाने पहुंचाया।
शुक्रवार दोपहर करीब 3:30 बजे कादरीगेट थाना क्षेत्र के दीनदयाल मुहल्ला निवासी सेना से सेवानिवृत नायब सूबेदार नरवीर सिंह सोमवंशी अपनी पत्नी पूनम सोमवंशी को पीट रहा था। इसी दौरान नरवीर सिंह अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर निकाल लाया और पूनम पर गोली चला दी।
गोली बीच-बचाव कर रहे उसके सैनिक पुत्र पुष्पेंद्र सिंह सोमवंशी के दाहिने पैर की जांघ में लगी। इससे वह खून से लथपथ होकर गिर गया। बाद में वह स्वयं ही कार चलाकर अपनी मां पूनम के साथ कैंट मे स्थित सैन्य अस्पताल पहुंचा। वहां उसका इलाज शुरू किया गया।
जान बचाकर भागे चौकी प्रभारी
घटना के बाद नरवीर सिंह भी सैन्य अस्पताल पहुंच गया। करीब एक घंटे बाद पुलिस को जानकारी हुई तो पांचाल घाट चौकी प्रभारी हरकेश कुमार आरोपित सेवानिवृत नायब सूबेदार नरवीर सिंह सोमवंशी को पकड़ने के लिए सैन्य अस्पताल पहुंचे। वहां पुलिस को देख नरवीर सिंह ने आपा खो दिया और चौकी प्रभारी पर रिवॉल्वर तानकर दौड़ा लिया।
गुस्साए नरवीर को रिवॉल्वर ताने देख घबराए चौकी प्रभारी हरकेश कुमार जान बचाकर भागे और करीब 100 मीटर दूर भागकर सेना के महत्वपूर्ण कार्यालय में घुस गए। नरवीर भी पीछे से आ गया। इस पर कुछ सैन्य कर्मियों और पुलिस टीम ने नरवीर को काबू में कर थाने भेज दिया। पुलिस ने उसके पास से लाइसेंसी रिवॉल्वर भी बरामद की है।
नरवीर की पत्नी पूनम ने बताया कि पति नरवीर सिंह के पड़ोस में रहने वाली एक महिला से अवैध संबंध हैं। इसका विरोध करने पर नरवीर सिंह ने उस पर गोली चलाई, जो कि उसके बेटे के लग गई। जब चौकी प्रभारी उसे पकड़ने के लिए गए तब उन्हें भी रिवाल्वर लेकर दौड़ा लिया।
घायल पुत्र पुष्पेंद्र सेना की 29 पैरा मिलेट्री फोर्स आगरा में नायक पद पर तैनात है। गुरुवार की शाम को छुट्टी लेकर घर आया था। क्षेत्राधिकारी अभय वर्मा ने बताया कि घटना का मुकदमा दर्ज कर आरोपित नरवीर सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पड़ोसी महिला के कारण पहले भी हो चुका है विवाद
सेना के सेनानिवृत नायब सूबेदार नरवीर सिंह के घर में उस महिला के पीछे पहले भी कई बार मारपीट हो चुकी है। पूनम का आरोप है कि उस महिला ने उनके पति का एक प्लाट बिकवा दिया और जो भी रुपया आता है, वह भी हड़प जाती है। उसके कारण आयेदिन उसके घर में विवाद होता रहता है। उस महिला के थाने के सिपाही से भी संबंध हैं। पूनम ने उस सिपाही को देखते ही उसे खरीखोटी सुना दीं।
