फर्रुखाबाद में एंटी करप्शन टीम की बड़ी कार्रवाई, रिश्वत लेते जेई और एसएसओ गिरफ्तार
एंटी करप्शन टीम ने फर्रुखाबाद के गुगौरा में नलकूप कनेक्शन के एस्टीमेट के लिए 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते ...और पढ़ें

एंटी करप्शन टीम की गाड़ी में बैठा जेई अजीत राजपूत व एसएसओ चंद्रभान (बाएं) को गाड़ी में बैठाती एंटी करप्शन टीम। स्रोत : जागरूक पाठक
HighLights
नलकूप कनेक्शन का एस्टीमेट बनाने के नाम पर ग्रामीण से मांग रहे थे 10 हजार रुपये
गुगौरा उपकेंद्र पर जेई व एसएसओ से दो घंटे तक टीम के सदस्य करते रहे पूछताछ
जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद। नलकूप कनेक्शन का एस्टीमेट बनाने के नाम पर 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए एंटी करप्शन टीम ने बुधवार दोपहर अवर अभियंता (जेई) विद्युत व सब स्टेशन आपरेटर (एसएसओ) को गिरफ्तार कर लिया। टीम दो घंटे तक विद्युत सब स्टेशन गुगौरा में आरोपितों से पूछताछ करती रही। इसके बाद टीम दोनों आरोपितों को लेकर फतेहगढ़ कोतवाली पहुंची। यहां पर कागजी कार्रवाई की।
कमालगंज थाना क्षेत्र के गांव गुगौरा निवासी मंशाराम जाटव ने नलकूप का कनेक्शन करने के लिए आवेदन किया था। एस्टीमेट के नाम पर मंशाराम जाटव से 10 हजार रुपये की मांग की गई। मंशाराम ने रुपये देने से मना कर दिया तो कनेक्शन नहीं किया गया। इससे परेशान होकर मंशाराम जाटव ने कानपुर मंडल के एंटी करप्शन टीम से गुहार लगाई। जांच करने के बाद बुधवार दोपहर तीन बजे दो गाड़ियों से 15 सदस्यीय टीम के साथ कानपुर मंडल के ट्रैप टीम प्रभारी निरीक्षक राम आसरे त्रिपाठी गुगौरा पहुंचे। टीम के साथ कलेक्ट्रेट फतेहगढ़ के दो लिपिकों भी थे।
टीम ने शिकायतकर्ता मंशराम को गुगौरा सब स्टेशन पर जेई व एसएसओ को 10 हजार रुपये देने के लिए भेजा। रुपये लेने के दौरान टीम ने जनपद लखनऊ थाना गोमतीनगर के ओमेक्स आर-2,1803 शहीद पथ निवासी अवर अभियंता अजीत राजपूत व जनपद एटा थाना कोतवाली अलीगंज के गांव पंचपुरा पोस्ट महमदनगर निवासी एसएसओ चंद्रभान को दबोच लिया।
एंटी करप्शन टीम प्रभारी ने गुगौरा सब स्टेशन पर दो घंटे तक दोनों आरोपितों से पूछताछ की। इसके बाद टीम दोनों को कोतवाली फतेहगढ़ लाई। फतेहगढ़ कोतवाली प्रभारी तेज सिंह ने बताया कि एंटी करप्शन टीम दो लोगों को पकड़ कर लाई है। टीम दोनों आरोपितों से पूछताछ कर रही है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
एसडीओ ने ली जानकारी, अवर अभियंताओं ने फंसाने का लगाया आरोप
एंटी करप्शन टीम द्वारा बिजली विभाग के अवर अभियंता व संविदा कर्मी सब स्टेशन आपरेटर (एसएसओ) के पकड़े जाने की सूचना पर उप खंड अधिकारी (एसडीओ) और कुछ जेई मौके पर पहुंच गए। साथियों ने जेई को फंसाए जाने का आरोप लगाया। नाम पूछने पर वह चुप्पी साध गए। बता दें पूर्व में भी सरकारी कर्मचारी रिश्वत लेते पकड़े जा चुके हैं।
कार्रवाई से विभाग में मचा हड़कंप
बुधवार दोपहर करीब तीन बजे कानपुर नगर के एंटी करप्शन थाने के ट्रैप टीम प्रभारी राम आसरे त्रिपाठी ने पीड़ित ग्रामीण मंशाराम से 10 हजार रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में जेई अजीत राजपूत व संविदा पर तैनात एसएसओ चंद्रभान को पकड़ लिया। इससे विभागीय अधिकारी व कर्मचारियों में हलचल मच गई। उप खंड अधिकारी विद्युत (एसडीओ) अजय कुमार और कुछ जेई गुगौरा सब स्टेशन पहुंचे। एसडीओ ने मामले के संबंध में जानकारी की। एसडीओ के साथ पहुंचे अवर अभियंताओं ने कहा कि साथी अजीत को फंसाया जा रहा है। रुपये एसएसओ चंद्रभान ने लिए थे। टीम दोनों आरोपितों को फतेहगढ़ कोतवाली की सिविल लाइन चौकी पर लाई। यहां पर टीम में शामिल कर्मचारियों ने कागजी कार्रवाई की।
टीम तीन दिनों से कर रही थी ट्रेस
पीड़ित मंशाराम ने जब कानपुर जाकर एंटी करप्शन थाने में जेई व एसएसओ की शिकायत की तो टीम ने साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए थे। तीन दिनों से टीम दोनों को ट्रेस कर रही थी। इसके बाद टीम ने जाल बिछाकर जेई व एसएसओ को पकड़ लिया।
यह लोग पकड़े जा चुके
- 03 नवंबर 2023 : कायमगंज तहसील क्षेत्र के गांव गणेशपुर निवासी किसान नेत्रपाल सिंह यादव की शिकायत पर एंटी करप्शन टीम ने लेखपाल रामनरेश जाटव को रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया था। उसके खिलाफ थाना कादरीगेट में भ्रष्टाचार का मुकदमा दर्ज कराया गया था।
- 20 दिसंबर 2023 : जिला पंचायतराज अधिकारी कार्यालय के लेखाकार राकेश कुमार को एंटीकरप्शन टीम ने गिरफ्तार कर फतेहगढ़ कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया था।
- 29 दिसंबर 2023 : स्वच्छ भारत मिशन योजना के तहत शौचालय निर्माण में प्रधान जायरा बेगम, जनपद एटा थाना राजा का रामपुर क्षेत्र के गांव गढ़िया जगन्नाथ निवासी ग्राम पंचायत सचिव जगदीश के खिलाफ कानपुर नगर के एंटीकरप्शन थाना प्रभारी निरीक्षक जटाशंकर सिंह ने थाना कंपिल में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम का मुकदमा दर्ज कराया था।
- 24 जनवरी 2024 : एंटी करप्शन टीम ने सदर तहसील में छापा मारकर पिपरगांव के राजस्व निरीक्षक विवेक तिवारी व उसी कार्यालय में काम करने वाले प्राइवेट कर्मचारी उमाशंकर प्रजापति को गिरफ्तार किया था।
- 10 सितंबर 2025 : केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआइ) की टीम ने थाना मेरापुर की नगर पंचायत संकिशा बसंतपुर स्थित उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक संकिशा शाखा में छापा मारकर 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते शाखा प्रबंधक नारायन सिंह सोलंकी व गांव भान नगर निवासी उनके सहयोगी चंदन को गिरफ्तार किया था।
- 14 नवंबर 2025 : उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान टीम ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में तैनात हेड कांस्टेबल आदित्य कुमार पटेल की शिकायत पर प्रधान लिपिक शाखा में तैनात लेखा अनुभाग के उप निरीक्षक लिपिक लेखा हरेंद्र सिंह चौहान 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया था।
- 23 मार्च 2026 : मोहम्मदाबाद के गांव निसाई निवासी प्रधान गीता देवी की शिकायत पर फतेहगढ़ कोतवाली में मोहम्मदाबाद कोतवाली में तैनात जनपद आगरा थाना मलपुरा के गांव लाड़मपुर निवासी दारोगा सुरेश चाहर के खिलाफ भ्रष्टाचार का मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेजा गया था।
- 30 अप्रैल 2026 : कानपुर की एंटी करप्शन टीम ने शहर के मुहल्ला बजरिया में पीएन सक्सेना के आवास में छापा मारकर जनपद फतेहपुर के कोतवाली पश्चिम के मुहल्ला उत्तरी शांतिनगर, महात्मा गांधी डिग्री कालेज के निकट निवासी सदर तहसील के कानून गो विमल कुमार श्रीवास्तव व मुहल्ला नरकसा स्थित सूरज गार्डन के निकट निवासी सेवानिवृत्त लेखपाल अश्वनी सक्सेना के पुत्र ऋषभ सक्सेना को किसान सर्वेश शाक्य से 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया था।
- 19 जून : विजिलेंस टीम ने मऊदरवाजा के गांव हरसिंहपुर गोवा निवासी पूर्व जिला पंचायत सदस्य भजनलाल यादव की शिकायत पर जिला खनन अधिकारी संजय प्रताप को सरकारी आवास पर रिश्वत लेने के आरोप में उन्हें व उनके निजी कर्मचारी हुसैनपुर तराई निवासी लखन गौतम को रंगे हाथ पकड़ा था।
