फर्रुखाबाद में डेंगू का कहर, केंद्रीय जेल में पांच कैदी की रिपोर्ट पॉजिटिव
फर्रुखाबाद में डेंगू और मलेरिया का प्रकोप बढ़ गया है, जिसमें केंद्रीय कारागार के पांच कैदियों सहित छह लोग डेंगू ...और पढ़ें

डा. राममनोहर लोहिया अस्पताल की पैथोलाजी में रक्त की जांच करते लैब टेक्नीशियन प्रतीक कटियार। जागरण
HighLights
फर्रुखाबाद में डेंगू के छह, मलेरिया के 21 मामले
केंद्रीय कारागार के पांच कैदी डेंगू से पीड़ित
मच्छरों के प्रकोप और साफ-सफाई की कमी मुख्य कारण
जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद। फर्रुखाबाद में मच्छरों का आतंक बढ़ने लगा है। इससे लोग संक्रामक रोगों की चपेट में आने लगे हैं। इस दौरान डेंगू ने भी दस्तक दे दी है। केंद्रीय कारागार में पांच कैदी डेंगू से पीड़ित हो गए हैं। गांव मसेनी निवासी एक व्यक्ति भी डेंगू की जद में आ गया है। इस प्रकार डेंगू से पीड़ितों की संख्या छह और मलेरिया से पीड़ितों की संख्या 21 हो गई है। इसके बावजूद विभाग ने अभी तक एंटी लार्वा का छिड़काव नहीं कराया है।
जनपद में मच्छरों का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है, जिससे संक्रामक रोगों ने पांव पसारने शुरू कर दिए हैं। शहर से लेकर गांव तक लोग बुखार और वायरल की चपेट में हैं। इसी बीच जनपद में डेंगू ने भी दस्तक दे दी है। सबसे चिंताजनक की स्थिति केंद्रीय कारागार फतेहगढ़ की है, जहां एक साथ पांच कैदी डेंगू संक्रमित पाए गए हैं।
गांव मसेनी निवासी एक व्यक्ति में भी डेंगू की पुष्टि हुई है। इस तरह जनपद में अब तक डेंगू से पीड़ित मरीजों की संख्या छह हो गई है। वहीं मलेरिया के मरीजों की संख्या 21 तक पहुंच गई है। लगातार संक्रामक रोगों के बढ़ रहे मामलों ने स्वास्थ्य विभाग की तैयारियों की पोल खोल दी है। सूत्रों के मुताबिक पिछले कई दिनों से कुछ कैदियों को बुखार, बदन दर्द की शिकायत थी।
जेल प्रशासन ने उनका रक्त का नमूना लेकर लोहिया अस्पताल की पैथालोजी भेजा था। जांच में पांच कैदियों में डेंगू की पुष्टि हुई है। जेल के अंदर साफ-सफाई न होना इसका मुख्य कारण माना जा रहा है। उधर मसेनी गांव में एक व्यक्ति में डेंगू की पुष्टि हुई है। वह कोलकाता में अपने पुत्र के पास रह रहे थे। वहां से वह लौटकर गांव मसेनी आए। बुखार आने पर उन्होंने जांच कराई तो डेंगू की पुष्टि हुई।
डेंगू व मलेरिया के मामले बढ़ने के बावजूद अभी तक एंटी लार्वा का छिड़काव, फागिंग नहीं कराई गई है। नालियों में पानी भरा है, कूड़े के ढेर लगे हैं, जिससे मच्छर पनप रहे हैं।
प्रभारी जिला मलेरिया अधिकारी व डिप्टी सीएमओ डा. परीक्षित सफीर ने बताया कि सेंट्रल जेल में पांच कैदी व गांव मसेनी एक व्यक्ति डेंगू से संक्रमित हुए हैं। मसेनी में एंटी लार्वा का छिड़काव कराया गया है। सेंट्रल जेल में फागिंग व दवा का छिड़काव कराया गया है। जेल में झाड़ियां और गड्ढे में पानी भरे होने की वजह से कैदी डेंगू की चपेट में आए हैं। जेल में एक बार फिर फागिंग कराई जाएगी।
