इकलौते बेटे की मौत से टूटा परिवार! घर के बाहर खुले नाले में गिरा मासूम, बारिश से तेज बहाव में एक किमी. दूर मिला शव
फर्रुखाबाद के मऊदरवाजा में घर के बाहर लघुशंका करने गया चार वर्षीय बालक खुले नाले में बह गया। अगले दिन ...और पढ़ें

रिवांश की मौत के बाद रोती मां। जागरण
HighLights
लघुशंका करते समय बालक खुले नाले में गिर गया
तेज बहाव के कारण एनडीआरएफ भी नहीं ढूंढ पाई
एक किलोमीटर दूर खेत में मिला मासूम बालक का शव
जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद। फर्रुखाबाद में दिलदहलाने वाला मामला सामने आया है। चार साल के बच्चा घर के बाहर नाले में गिर गया। बारिश की वजह से उफनाते नाले में तेज बहाव से एक किमी दूर खेत में दूसरे दिन शव मिला।
थाना मऊदरवाजा के मुहल्ला ढुइंया में शनिवार दोपहर घर के बाहर लघुशंका करने गया बालक खुले नाले में बह गया। एनडीआरएफ ने बालक की काफी खोजबीन की, लेकिन उसका पता नहीं चला। दूसरे दिन बालक का शव एक किलोमीटर दूर खेत में पड़ा मिला। शव देख स्वजन बिलखने लगे। पुलिस ने शव मोर्चरी भिजवाया। स्वजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया, जिस पर पुलिस ने शव उन्हें सौंप दिया।
मुहल्ला ढुइंया निवासी आकाश शाक्य के घर के बाहर ही खुला नाला है। शनिवार को वर्षा के कारण नाला तेजी से बह रहा था।आसपास की दुकानें भी नहीं खुली थीं। दोपहर करीब 3.30 बजे आकाश शाक्य का इकलौता चार वर्षीय पुत्र रिवांश लघुशंका करने के लिए घर के बाहर गया। किसी तरह वह नाले में गिर गया।
चीख सुनकर मां कोमल देवी बाहर निकलकर आईं और शोर-शराबा मचाना शुरू कर दिया। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। नाले में रिवांश की खोजबीन शुरू की गई, लेकिन बहाव तेज होने के चलते उसका पता नहीं चला। जानकारी मिलने पर उप जिलाधिकारी सदर संजय कुमार सिंह, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी विनोद कुमार व एनडीआरएफ के जवान मौके पर पहुंचे।
नाले में रिवांश की खोजबीन शुरू की गई, लेकिन देर शाम तक रिवांश का पता नहीं चला। ढुइंया निवासी सुधाकर का खेत करीब एक किलोमीटर दूर कर्बला के पास है। सुधाकर रविवार सुबह करीब 8.30 बजे अपने खेत गए तो रिवांश का शव पड़ा देखा। जानकारी मिलने पर मऊदरवाजा पुलिस के साथ ही स्वजन मौके पर पहुंच गए।
शव देख मां कोमल देवी व पिता आकाश शाक्य बिलखने लगे। पुलिस ने शव मोर्चरी भिजवा दिया। आकाश शाक्य ने बताया कि वह मजदूरी करते हैं। रिवांश उनका इकलौता पुत्र था। घर के पास ही खुला नाला है। शनिवार को पुत्र घर के बाहर लघुशंका करने गया था। पता नहीं कैसे वह नाले में गिर गया। मऊदरवाजा थाना प्रभारी अजब सिंह ने बताया कि स्वजन ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया, जिससे शव उन्हें सौंप दिया गया है।
