Jagran Vimarsh: फर्रुखाबाद में मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा, पूर्व सरकारों में सम्मान पाते थे लठैत
फर्रुखाबाद में जागरण विमर्श के दौरान मंत्रियों ने कहा कि पूर्व सरकारों में गुंडों को सम्मान मिलता था, अब सुदृढ़ ...और पढ़ें

फर्रुखाबाद में जागरण विमर्श के दौरान संबोधित करते सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी। जागरण
HighLights
फर्रुखाबाद में जागरण विमर्श में बोले एमएसएमई मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी और पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह
कहा-उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा मजबूत होने से पलायन घटा, 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य पाने को हम रोजगार देने वाले बनें
2017 के बाद भाजपा सरकार लोक कलाकारों का दिला रही सम्मान, 17 हजार को किया सूचीबद्ध, प्रदेश बनेगा वन ट्रिलियन डालर अर्थव्यवस्था
शिवा अवस्थी, फर्रुखाबाद। बाबा नीब करोरी धाम, विमलनाथ स्वामी जैन श्वेतांबर पीठ और बौद्ध तीर्थ स्थली संकिशा की धरा अब उद्यमिता, पयर्टन और संस्कृति विकास के पथ पर अग्रसर है। 2017 से पहले प्रदेश की स्थिति क्या थी, ये सब जानते हैं। भाजपा सरकार आई तो सुदृढ़ कानून व्यवस्था संग उत्तर प्रदेश आगे बढ़ रहा है। ये बातें जागरण विमर्श में मुख्य वक्ता लघु, सूक्ष्म एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहीं।
मुख्य अतिथि पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले की सरकारें अपने लठैतों व गुंडों को कलाकार के रूप में पंजीकृत कर सम्मान देती थीं, ये सच भाजपा सरकार ने जब सूची की जांच कराई तो सामने आया। अब बिना पक्षपात-भ्रष्टाचार के 17 हजार कलाकारों को सूचीबद्ध कर उन्हें सम्मान दिया जा रहा है।

फर्रुखाबाद में जागरण विमर्श में अपनी बात रखते जिले के प्रभारी और पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह। जागरण
दोनों मंत्रियों ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बदलाव लाए हैं। भाजपा सरकार ने इंफ्रास्ट्रक्चर, कनेक्टिविटी अच्छी की, 24 घंटे बिजली दी। चुटकी ली कि पहले कन्नौज में बिजली आती थी तो फर्रुखाबाद में अंधेरा रहता था। अब महाराष्ट्र के बाद उत्तर प्रदेश सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। एक करोड़ से अधिक एमएसएमई में 3.5 करोड़ लोग रोजगार पा रहे हैं।
नोएडा में इंटरनेशनल एक्सपो ने उत्पादों को विश्व बाजार से जोड़ा। प्रदेश की विकास यात्रा मजबूत हुई है। पहले लोग पलायन करते थे, अब कमी आई है, दूसरे राज्यों के लोग यहां आ रहे हैं। 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य पाने को हम रोजगार देने वाले बनें। वन ट्रिलियन डालर अर्थव्यवस्था के लिए प्रदेश में कुटीर उद्योग सबसे महत्वपूर्ण हैं। यह नया व बदलता हुआ उत्तर प्रदेश है।
सवाल किया कि कभी मंदिरों को कोई पैसे दिए गए हों तो बताइए। फिर बताया कि आज 3000 से अधिक मंदिरों के परिसरों के विकास में 10 हजार करोड़ खर्च किए गए। भाजपा सरकार ने धार्मिक व आस्था के स्तंभ को समृद्ध कर सनातन संस्कृति के उत्थान के काम किए।
2025 में महाकुंभ हुआ तो विपक्ष धन के दुरुपयोग की बात करता रहा। जब उसका ब्योरा आया तो खर्च से कहीं अधिक लाभ हुआ। पता चला कि 63 करोड़ श्रद्धालु आए व पूरे विश्व में प्रदेश का डंका बजा। 2017 तक 23 करोड़ पर्यटक सालाना आते थे, बीते साल 166 करोड़ आए।
इससे पहले बढ़पुर स्थित मधुर मिलन गेस्ट हाउस में सुबह 10:30 बजे भाजपा सांसद मुकेश राजपूत ने विमर्श का उद्घाटन किया। उन्होंने केंद्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। फिर अलग-अलग सात सत्रों में शाम सवा चार बजे तक विमर्श का मंच सजा। प्रथम सत्र जनसुविधाएं और भविष्य का महानगर में फर्रुखाबाद के विकास पर बात हुई।
स्थानीय मुद्दे और समाधान के द्वितीय सत्र में पक्ष और विपक्ष ने एक-दूसरे की कमियां गिनाईं। चतुर्थ सत्र में कृषि-उद्यम और आर्थिकी में आलू की खेती से लेकर जरदोजी तक के बदलावों, आवश्यकताओं पर विशेषज्ञों ने बात रखी। षष्टम सत्र तीर्थ क्षेत्र से पर्यटन तक में बढ़ते धार्मिक पर्यटन पर चर्चा हुई। फर्रुखाबाद विकास का विजन सत्र में जिलाधिकारी अंकुर लाठर से सवाल जवाब के बीच लोग जिले को विकास पथ पर आगे बढ़ाने की ललक लिए नजर आए।
