चीनी मिल में गन्ना की कटौती करने पर किसानों का हंगामा
संवाद सहयोगी कायमगंज चीनी मिल में गन्ना पर तौल कटौती किए जाने पर किसानों ने हंगामा कर ि
संवाद सहयोगी, कायमगंज : चीनी मिल में गन्ना पर तौल कटौती किए जाने पर किसानों ने हंगामा कर दिया। कटौती के लिए गेट पर लगाए गए कर्मचारियों को पीटने के लिए किसान गन्ना लेकर मारने को दौड़ पड़े। कर्मचारियों ने अंदर भाग कर खुद को बचाया। मुख्य गन्ना अधिकारी ने मौके पर पहुंच कर किसानों को समझा बुझाकर शांत किया।
सहकारी चीनी मिल में किसानों का गन्ना लेते समय गेट पर तौल कांटे के पास कुछ कर्मचारी इसलिए लगाए गए हैं कि वह गन्ना की गुणवत्ता व सफाई आदि चेक करें। इन कर्मचारियों द्वारा गुरुवार दोपहर कुछ ट्रैक्टर ट्रालियों पर लदे गन्ने को सूखा व अगोला की सफाई न होना बताते हुए रिजेक्ट किया व दो क्विटल से पांच क्विटल तक कटौती की बात रखी, जिस पर हंगामा हो गया। पहले तो किसानों ने कर्मचारियों को खरी खोटी सुनाई। विवाद बढ़ जाने पर किसान लाठी की तरह गन्ना लेकर दौड़े, तो वहां मौजूद दो कर्मचारियों ने अंदर भाग कर खुद को बचाया। किसान हंगामा कर अधिकारियों को ढूंढने लगे। किसानों ने बताया कि बुधवार को तकनीकी खराबी से प्लांट बंद हो गया था। इसी के साथ बड़ी मात्रा में गन्ना का जूस फैल गया था। इस घाटे को समायोजित करने के लिए गन्ना पर कटौती की जाने लगी। जिसे किसान बर्दाश्त नहीं करेंगे। इसी बीच मुख्य गन्ना अधिकारी प्रमोद कुमार यादव पहुंच गए। उन्होंने किसानों को समझाकर शांत किया। उन्होंने बताया कि गन्ना ट्रालियों पर कटौती नहीं की जा रही थी। किसानों को बताया जा रहा था कि ताजा, साफ सुथरा, अगोला रहित गन्ना लेकर आएं, जो किसानों व चीनी मिल दोनों के लिए लाभकारी होगा।