UP: इटावा-बरेली हाईवे पर हादसे में पूर्व सैनिक की मौत, आरोपी ड्राइवर को लोगों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा
फर्रुखाबाद में इटावा-बरेली हाईवे पर एक पूर्व सैनिक राजकुमार की टैंकर से कुचलकर मौत हो गई। ओवरटेक करते समय बाइक फिसलने से यह हादसा हुआ, जिसमें उनका धड़ से नीचे का हिस्सा कुचल गया।

राजकुमार की फाइल फोटो। स्रोत : स्वजन
सेंट्रल जेल चौकी के पास खड़ा दुर्घटना करने वाला टैंकर। जागरण
HighLights
पूर्व सैनिक राजकुमार की टैंकर से कुचलकर हुई मौत।
इटावा-बरेली हाईवे पर ओवरटेक करते समय हुआ हादसा।
टैंकर चालक को लोगों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा।
जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद। बाइक से सातनपुर मंडी में बने मकान में आ रहे पूर्व सैनिक की टैंकर से कुचलकर मौत हो गई। टैंकर का पहिया पूर्व सैनिक के ऊपर से निकल गया, जिससे उनके धड़ से नीचे का हिस्सा कुचल गया। आसपास के लोगों ने टैंकर चालक को पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। स्वजन भी मौके पर आ गए।
मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव सूरजुपुर निवासी 62 वर्षीय पूर्व सैनिक राजकुमार का एक मकान सातनपुर मंडी के पास है। सोमवार को वह बाइक से सातनपुर मंडी आ रहे थे। सुबह करीब 10.30 बजे इटावा-बरेली हाईवे पर गांव पपियापुर के पास से वह गुजर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि राजकुमार ने आगे चल रहे गैस टैंकर को ओवरटेक करने का प्रयास किया, तभी बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई, जिससे वह टैंकर के पहिये के नीचे आ गए। पहिया उनके ऊपर से गुजर गया, जिससे राजकुमार का धड़ से नीचे का हिस्सा कुचल गया और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
राजकुमार हेलमेट नहीं लगाए थे। आसपास के लोगों ने टैंकर चालक को पकड़ लिया। आइटीआइ चौकी प्रभारी अरविंद कुमार घटनास्थल से चालक को हिरासत में लेकर टैंकर कब्जे में कर आइटीआइ चौकी भेज दिया। राजकुमार के भतीजे पृथ्वीराज आदि स्वजन घटनास्थल पर पहुंचे।
पृथ्वीराज ने बताया कि राजकुमार के दो बेटियां कंचन, रंजना व बेटा श्याम कुमार है। कंचन की शादी होना बाकी है। श्याम कुमार पुणे में नौकरी करता है, राजकुमार की पत्नी सरला देवी छोटी बेटी कंचन के साथ गांव में रहती हैं। उनका एक मकान सातनपुर मंडी में है। राजकुमार तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। मऊदरवाजा थाना प्रभारी प्रमोद सिंह ने बताया कि मामले में अभी तहरीर नहीं मिली है।