अवैध मिट्टी खनन के मिले साक्ष्य, अज्ञात माफिया पर रिपोर्ट
संवाद सूत्र कमालगंज क्षेत्र के टाडा बहरामपुर गांव में मिट्टी खनन होने की सूचना पर खनन निरी
संवाद सूत्र, कमालगंज : क्षेत्र के टाडा बहरामपुर गांव में मिट्टी खनन होने की सूचना पर खनन निरीक्षक ने थाना प्रभारी के साथ छापा मारा, लेकिन उससे पहले ही माफिया ट्रैक्टर व बुलडोजर लेकर फरार हो गया। खनन निरीक्षक ने अज्ञात माफिया के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।
क्षेत्र के गांव टाडा बहरामपुर में कई दिनों से माफिया द्वारा मिट्टी का अवैध खनन किया जा रहा है। दिन हो या रात यहां बुलडोजर से खनन किया जाता है। आधा दर्जन ट्रैक्टर खनन की मिट्टी सप्लाई करने में लगे रहते हैं। माफिया में पुलिस का भय बिल्कुल भी नहीं दिख रहा था। गांव में अवैध खनन होने की जानकारी पर खनन निरीक्षक राजीव रंजन शुक्रवार शाम प्रभारी निरीक्षक अमरपाल सिंह के साथ मौके पर पहुंचे थे। अधिकारियों के आने की भनक लगते ही माफिया ट्रैक्टर व बुलडोजर सहित मौके से फरार हो गए थे। खनन निरीक्षक ने जांच पड़ताल कर ग्रामीणों से खनन होने के संबंध में जानकारी ली तथा बयान दर्ज किए थे। खनन निरीक्षक ने शुक्रवार देर रात थाने पहुंचकर अज्ञात माफिया के खिलाफ मिट्टी खनन करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया। खनन निरीक्षक ने बताया कि एक निजी विद्यालय के पास खेत से मिट्टी का खनन होना पाया गया है। मौके पर कोई भी वाहन खनन करते नहीं पकड़ा गया। खनन स्थल की नाप जोख की गई। 55 मीटर लंबाई, चार मीटर चौड़ाई व ढाई मीटर गहराई तक मिट्टी का अवैध खनन किया गया। इन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया