धान खरीद केंद्र पर तहसीलदार को नहीं मिले किसान
संवाद सूत्र नवाबगंज धान खरीद केंद्र पर तहसीलदार को कोई किसान नहीं मिला। उन्होंने किसानो
संवाद सूत्र, नवाबगंज : धान खरीद केंद्र पर तहसीलदार को कोई किसान नहीं मिला। उन्होंने किसानों से फोन कर धान की तौल आदि होने की जानकारी ली।
कस्बे में संचालित किसान सेवा सहकारी समिति गनीपुर जोगपुर के केंद्र प्रभारी सर्वेश कुमार के खिलाफ किसानों ने धान की तौल न कर परेशान किए जाने की शिकायत वरिष्ठ अधिकारियों से की थी। जिस पर पीसीएफ की जिला प्रबंधक अंजना नायक ने दो दिन पूर्व खरीद केंद्र प्रभारी सर्वेश कुमार के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद सचिव शिवराज सिंह यादव को धान खरीद का जिम्मा सौंपा गया। गुरुवार शाम तहसीलदार कायमगंज प्रदीप कुमार सिंह ने खरीद केंद्र का निरीक्षण किया और केंद्र प्रभारी शिवराज सिंह खरीद की जानकारी ली। केंद्र प्रभारी द्वारा पंजीकृत 42 किसानों से 1765 क्विटल धान की खरीद की जानकारी दी गई। मौके पर न तो तौल होती मिली और न ही कोई भी किसान मिला, इस पर तहसीलदार हैरान रह गए। उन्होंने किसानों का पंजीकरण रजिस्टर देखा। रजिस्टर से गांव ज्योना निवासी कल्याण सिंह को फोन मिलाकर धान की तौल की जानकारी ली। गांव भगौरा निवासी जमुना प्रसाद व गांव नगला बारंग निवासी शिवपाल सिंह से फोन पर जानकारी की। उन्होंने अपने धान की तौल न होने की बात कही। जिस पर तहसीलदार ने केंद्र प्रभारी शिवराज सिंह यादव को किसानों को फोन कर बुलाकर उनके धान की तौल करने के निर्देश दिए। उन्होंने राजस्व निरीक्षक जगदीप कुमार व लेखपाल नरेश कुमार से केंद्र को नियमित देखने को कहा। कई किसानों के मोबाइल नंबर रजिस्टर में न देख अंकित करने के निर्देश दिए। उन्होंने वारदाना, कांटा, छटना, नमी मापक यंत्र आदि की जानकारी ली। इससे पूर्व उन्होंने एमएलसी चुनाव को लेकर बूथ बनाने के लिए ब्लॉक परिसर का निरीक्षण किया। खंड विकास अधिकारी नजमा सिद्दीकी, राजस्व निरीक्षक जगदीप कुमार, लेखपाल नरेश चंद्र रहे।