दो भाइयों के घरों से नकदी-जेवर चोरी
संवाद सूत्र कंपिल घर के पीछे की दीवार के सहारे चढ़े चोरों ने दो सगे भाइयों के घरों
संवाद सूत्र, कंपिल : घर के पीछे की दीवार के सहारे चढ़े चोरों ने दो सगे भाइयों के घरों से नगदी व जेवर चोरी कर लिए। सुबह घर वालों ने कमरे में अंदर जाकर देखा तो सभी सामान गायब था।
क्षेत्र के गांव बिहारीपुर निवासी नन्हें लाल के घर के पीछे एक शौचालय बना है। मंगलवार रात किसी समय चोर शौचालय के सहारे छत पर चढ़ गए। घर के सभी सदस्य आंगन में सो रहे थे। चोरों ने कमरे का दरवाजा खोल लिया और बक्से में रखे जेवर व नगदी चुरा ली। उसके बाद चोर नन्हें के भाई सुखवीर के घर में सामने की दीवार फांदकर घुस गए। उस समय सुखवीर परिवार के साथ छत पर सो रहे थे। चोरों ने कमरे में रखी अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे जेवर व नगदी चुरा ली। बुधवार सुबह शौच गए ग्रामीणों की नजर घर के पीछे बिखरे हुए सामान पर पड़ी। ग्रामीणों ने इसकी जानकारी सुखवीर व नन्हें को दी। ग्रामीणों ने इसकी सूचना यूपी 112 व थाना पुलिस को दी। दारोगा सुरेंद्र ने मौके पर पहुंच जानकारी जुटाई। थानाध्यक्ष देवेंद्र गंगवार ने बताया पीड़ितों की तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।